वाराणसी
खेत की मेढ़ काटने के विवाद में मारपीट, मुकदमा दर्ज
वाराणसी। जिले के चोलापुर थाना क्षेत्र के गोसाईपुर पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम नेहिया में खेत की मेढ़ काटने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, अगल-बगल के काश्तकार कृपा शंकर दुबे (पुत्र स्वर्गीय कालिका प्रसाद दुबे) और अखिलेश दुबे (पुत्र स्वर्गीय काशीनाथ दुबे) के बीच खेत की मेढ़ काटने को लेकर कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में गाली-गलौज के बाद मारपीट हो गई।
इस घटना में अखिलेश दुबे को गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर किसी तरह दोनों पक्षों को अलग किया। घायल को प्राथमिक उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चोलापुर ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें शहर रेफर कर दिया।
घायल अखिलेश दुबे ने विपक्षी कृपा शंकर दुबे, उनके पुत्र आलोक दुबे सहित कुछ अन्य लोगों पर मारपीट कर घायल करने का आरोप लगाते हुए लिखित तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच गोसाईपुर चौकी पर तैनात उप निरीक्षक वीरेंद्र प्रताप शाही को सौंपते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
