गोरखपुर
खुद की शादी का कार्ड बांटकर लौट रहे युवक की हादसे में मौत
12 फरवरी को होनी थी शादी, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
गोरखपुर। जिले के बेलीपार थाना क्षेत्र के बेतऊआ गांव निवासी एक युवक की मंगलवार की रात में सड़क दुर्घटना में मौके पर मौत हो गई। वह अपनी शादी का कार्ड बांटकर बाइक से लौट रहा था। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। शादी की तैयारियों में जुटा घर अब मातम में बदल गया है।
बेतऊआ गांव निवासी जय गोविन्द विश्वकर्मा के बड़े पुत्र नरेन्द्र विश्वकर्मा (25) की शादी 12 फरवरी को तय थी। मंगलवार की रात करीब नौ बजे नरेन्द्र अपनी शादी के कार्ड बांटकर बाइक से गांव लौट रहा था। वह गांव के पास फोरलेन पर बेतऊआ रिंग बांध के नजदीक पहुंचा था, तभी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। वह सड़क पर गिर पड़ा। इसी दौरान पीछे से आ रही किसी गाड़ी ने उसे रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम है।
