Connect with us

वाराणसी

खाद की दुकानों पर कृषि विभाग की छापेमारी, दो दुकानदारों को नोटिस

Published

on

वाराणसी। जिले में कृषि विभाग की टीम ने खाद (उर्वरक) की दुकानों पर छापेमारी कर गड़बड़ियों का भंडाफोड़ किया। जांच में खामियां मिलने पर साधन सहकारी समिति चौबेपुर और अजगरा के अभिषेक खाद भंडार को नोटिस थमाया गया।

संयुक्त कृषि निदेशक वाराणसी मंडल शैलेंद्र कुमार, उप कृषि निदेशक अमित जायसवाल और जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह के नेतृत्व में कई समितियों और निजी उर्वरक विक्रेताओं की जांच की गई। टीम ने छापेमारी के दौरान मौके पर पहुंचे किसानों से भी बातचीत की और उनके अनुभवों को दर्ज किया।

साधन सहकारी समिति चौबेपुर में निरीक्षण के दौरान पाया गया कि वितरण रजिस्टर में किसानों के मोबाइल नंबर दर्ज नहीं थे। किसानों से खतौनी की प्रति भी नहीं ली गई थी। इसके अलावा उर्वरकों के रखरखाव, स्टॉक बोर्ड और रेट बोर्ड में भी अनियमितताएं पाई गईं।

इसी तरह अजगरा स्थित अभिषेक खाद भंडार में भी वितरण रजिस्टर अधूरा पाया गया। यहां भी किसानों से खतौनी की प्रति नहीं ली जा रही थी। जांच में खामियां सामने आने के बाद कृषि विभाग ने दोनों दुकानों के जिम्मेदारों को नोटिस जारी किया है।

Advertisement

अधिकारियों का कहना है कि किसानों को सही जानकारी और पारदर्शी व्यवस्था उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। गड़बड़ी करने वाले विक्रेताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page