राज्य-राजधानी
खलीलाबाद में सपा सांसद पप्पू निषाद से मिले वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता
जनसमस्याओं के समाधान को लेकर बनी रणनीति
संतकबीर नगर। जनपद के लोकसभा क्षेत्र खलीलाबाद से समाजवादी पार्टी के सांसद पप्पू निषाद उर्फ लक्ष्मीकांत निषाद के आवास पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में सपा के वरिष्ठ नेता मकसूद प्रधान, धर्मेंद्र यादव, शहजादे खान, ऋषि राज यादव, प्रमोद निषाद, बालकिशून निषाद, पूर्व प्रधान राशिद खान तथा वसीम अहमद सेमरियावा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस दौरान क्षेत्र में व्याप्त जनसमस्याओं जैसे जर्जर सड़कें, अनियमित विद्युत आपूर्ति, पेयजल संकट, स्वास्थ्य सेवाओं की कमी और शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। सांसद पप्पू निषाद ने कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करते हुए उनकी बातों को गंभीरता से सुना और भरोसा दिलाया कि सभी समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की नीति जनहित और जनसेवा पर आधारित है तथा आम जनता की आवाज को संसद तक पहुंचाना उनका दायित्व है। बैठक में संगठन को बूथ स्तर पर और मजबूत करने, जनसंपर्क बढ़ाने तथा आने वाले समय में जनता के बीच सक्रिय रहने की रणनीति पर भी विचार किया गया। बैठक सौहार्दपूर्ण और सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुई।
