Connect with us

गाजीपुर

क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव के घर तक बनेगी पक्की सड़क

Published

on

Loading...
Loading...

गाजीपुर (जयदेश)। जनपद के हथौड़ा गांव में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव के घर तक लगभग 1.20 किलोमीटर लंबी पक्की सड़क बनाए जाने की योजना पर प्रशासन ने तेजी से काम शुरू कर दिया है। इस पहल से गांववासियों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद है।

इसी क्रम में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सैदपुर रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड हथौड़ा गांव पहुंचे और क्रिकेटर के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने सूर्या के पिता अशोक यादव, मां सपना देवी और दादा विक्रमा यादव से बातचीत कर सड़क निर्माण से जुड़ी जानकारी ली। इस दौरान जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने भी मोबाइल फोन पर परिवार से संवाद किया और कार्यों में सहयोग का भरोसा दिलाया।

प्रशासन की योजना के अनुसार वाराणसी-गोरखपुर हाईवे से इशोपुर होते हुए हथौड़ा स्थित सूर्या के घर तक सड़क को पक्का कराया जाएगा। इसके लिए आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

अशोक यादव ने प्रशासनिक पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस सड़क के बनने से गांव को बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि इससे क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा और युवाओं के साथ-साथ बालिकाओं को भी बेहतर मंच मिलेगा।

दादा विक्रमा यादव ने कहा कि सूर्या के नाम से सड़क और प्रवेश द्वार बनाए जाना पूरे जिले के लिए गौरव की बात है। वहीं मां सपना देवी ने भारतीय टीम की सफलता की कामना की।

Advertisement

जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने कहा कि सड़क निर्माण को लेकर सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और प्रयास रहेगा कि कार्य समय पर पूरा हो, ताकि परिवार और ग्रामीणों को शीघ्र लाभ मिल सके।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page