Connect with us

राज्य-राजधानी

कोलकाता में करोड़ों की नकली दवा जब्त

Published

on

Loading...
Loading...

कैंसर-मधुमेह की संदिग्ध नकली दवाएं भी जब्त

कोलकाता में एक दवा की थोक दुकान से कैंसर, मधुमेह और अन्य बीमारियों की बड़ी मात्रा में संदिग्ध नकली दवाएं जब्त की गई हैं। केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) और पश्चिम बंगाल औषधि नियंत्रण विभाग ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की। अधिकारियों ने भवानीपुर के रीजेंट पार्क थाना क्षेत्र में मंगलवार को गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की।

जब्त की गई दवाओं पर ‘मेड इन बांग्लादेश’ लिखा हुआ था। उनकी कुल कीमत करीब 6.60 करोड़ रुपये आंकी गई है। इन दवाओं के कुछ सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजे गए हैं। इस मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए चल रहा था कारोबार
सूत्रों के अनुसार, नकली दवाओं का यह कारोबार ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए चलाया जा रहा था। जब्त दवाओं पर आयरलैंड, तुर्की, बांग्लादेश और अमेरिका में निर्मित होने का दावा किया गया है। इसके अलावा, दवा बनाने में इस्तेमाल होने वाली विभिन्न सामग्रियां भी बरामद की गई हैं।

दस्तावेज नहीं मिले, गिरोह में कई लोग शामिल होने की आशंका
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, जब्त की गई दवाओं से संबंधित कोई दस्तावेज अधिकारियों को नहीं मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि इस धांधली में कई लोग शामिल हो सकते हैं। गिरफ्तार महिला रीजेंट पार्क की रहने वाली है। उससे पूछताछ के आधार पर इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

Advertisement

‘जीरो टॉलरेंस’ नीति पर जोर
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने नकली दवाओं के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि इस तरह की दवाओं को रोकने और बाजार में गुणवत्तापूर्ण दवाओं को सुनिश्चित करने के लिए ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाई गई है। यह अभियान देशभर में जारी रहेगा।

जब्त की गई दवाओं को गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला में भेजा गया है। यह सुनिश्चित करने के लिए सघन जांच की जा रही है कि बाजार में किसी भी तरह की नकली या कम गुणवत्ता वाली दवा न पहुंचे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page