Connect with us

वाराणसी

कोडीन कफ सिरप कांड में 65 लाख के लेन-देन का आरोपी गिरफ्तार

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। कोडीनयुक्त कफ सिरप प्रकरण में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मास्टरमाइंड शुभम जायसवाल के सहयोगी और 65 लाख रुपये के कफ सिरप की खरीद-फरोख्त में आरोपी सत्येंद्र साहू को गिरफ्तार कर लिया है। सारनाथ थाने की पुलिस ने प्रयागराज के मुट्ठीगंज थाना क्षेत्र निवासी सत्येंद्र साहू को पकड़कर जेल भेज दिया है।

पुलिस जांच में सामने आया कि सत्येंद्र साहू ने शैली ट्रेडर्स से 40 हजार शीशियां कोडीन कफ सिरप खरीदी थीं और बाद में इन्हें सारनाथ स्थित पीडी फार्मा को बेच दिया था। पीडी फार्मा के संचालक की गिरफ्तारी के बाद इस लेन-देन का खुलासा हुआ, जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सत्येंद्र को गिरफ्तार किया। बताया गया है कि वह इस अवैध कारोबार के माध्यम से शैली ट्रेडर्स को लाभ पहुंचा रहा था।

मामले में पुलिस अब पूछताछ के आधार पर अन्य संबंधित व्यक्तियों की तलाश में जुटी है। एसीपी सारनाथ विदुष सक्सेना ने बताया कि 18 दिसंबर 2025 को ड्रग इंस्पेक्टर जुनाब अली की तहरीर पर सारनाथ थाने में मेसर्स पीडी फार्मा द्वारा कोडीनयुक्त कफ सिरप की बिक्री और कूटरचित फर्म संचालित किए जाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद से लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी की जा रही है। इसी क्रम में पीडी फार्मा के प्रोपराइटर विष्णु पांडेय को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में प्रयागराज के मट्ठीगंज थाना क्षेत्र के मालवीय नगर निवासी सत्येंद्र साहू का नाम सामने आया।

जांच में यह भी सामने आया कि सत्येंद्र साहू राजा मेडिकल एंड सर्जिकल एजेंसी के नाम से फर्म संचालित कर रहा था। एसीपी विदुष सक्सेना के अनुसार, पूछताछ में सत्येंद्र ने स्वीकार किया कि उसने शैली ट्रेडर्स से 40 हजार शीशियां कफ सिरप खरीदी थीं, जिनकी कुल कीमत 65 लाख रुपये थी, और इन्हें पीडी फार्मा सारनाथ को सप्लाई किया था।

सारनाथ थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि कोडीनयुक्त कफ सिरप के सरगना शुभम जायसवाल और शैली ट्रेडर्स के प्रोपराइटर भोला प्रसाद के साथ मिलकर राजा मेडिकल एंड सर्जिकल एजेंसी के संचालक सत्येंद्र कुमार साहू यह कारोबार कर रहा था। पीडी फार्मा के माध्यम से कोडीनयुक्त कफ सिरप की खरीद-बिक्री की गई।

Advertisement

एसीपी ने जानकारी दी कि 18 दिसंबर 2025 को दर्ज मुकदमे के बाद से अब तक पीडी फार्मा के प्रोपराइटर विष्णु कुमार पांडेय निवासी तिसरिया परशुराम, सारनाथ, महमूरगंज निवासी लोकेश अग्रवाल, शिल्पी फार्मा के प्रोपराइटर प्रतीक गुजराती, गुप्ता मेडिकल एंड सर्जिकल एजेंसी के संचालक और प्रीतम नगर धूमनगंज, प्रयागराज निवासी सुरेशचंद्र गुप्ता, प्रयागराज करेली के आशियाना नगर निवासी फैजुर रहमान तथा एमके हेल्थकेयर के संचालक मोहम्मद सैफ को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं शैली ट्रेडर्स के प्रोपराइटर भोला प्रसाद, अग्रवाल ब्रदर्स बिहरना कानपुर निवासी विनोद अग्रवाल और गोलघर मैदागिन निवासी आकाश पाठक को रिमांड पर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page