Connect with us

राज्य-राजधानी

केदारनाथ जा रहे हेलिकॉप्टर की हाइवे पर इमरजेंसी लैंडिंग

Published

on

Loading...
Loading...

रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में शनिवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब केदारनाथ यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं से भरे एक हेलीकॉप्टर ने तकनीकी खराबी के चलते हाईवे पर इमरजेंसी लैंडिंग की। हेलीकॉप्टर में कुल सात लोग सवार थे, जो इस घटना में सुरक्षित बच गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्रेस्टेल एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का यह हेलीकॉप्टर केदारनाथ की ओर जा रहा था, जब उड़ान के दौरान तकनीकी गड़बड़ी महसूस की गई। पायलट ने सतर्कता दिखाते हुए निकटवर्ती सुरक्षित स्थान खोजने की कोशिश की और अंततः रुद्रप्रयाग के समीप एक राष्ट्रीय राजमार्ग पर आपात लैंडिंग कर दी।

हालांकि इस लैंडिंग के दौरान सड़क पर खड़े एक वाहन को क्षति पहुँची, लेकिन राहत की बात यह रही कि कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ। घटनास्थल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि हेलीकॉप्टर लैंड होते समय एक कार के ऊपर से गुजरता है।

Advertisement


घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंच गई। हेलीकॉप्टर को सुरक्षित स्थान पर हटाने के बाद ट्रैफिक को सामान्य किया गया। प्रशासन ने घटनास्थल पर जरूरी सुरक्षा उपाय लागू कर दिए हैं।


उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर सेवाएं आम हैं। हर ढाई मिनट में एक उड़ान भरी जा रही है, जिससे श्रद्धालुओं की संख्या और दबाव दोनों लगातार बढ़ रहे हैं।
बीते 12 वर्षों में राज्य में हेलीकॉप्टर से जुड़े 10 बड़े हादसे सामने आ चुके हैं, जो हेलीकॉप्टर संचालन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हैं।

स्थानीय लोगों और यात्रियों ने इस घटना के बाद हेलीकॉप्टर सेवा की सुरक्षा जांच की मांग की है। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे व्यस्त राजमार्गों पर इमरजेंसी लैंडिंग से पहले ठोस प्रोटोकॉल और पर्याप्त पूर्व-प्रशिक्षण आवश्यक है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page