राज्य-राजधानी
“केंद्र सरकार संविधान को कमजोर कर रही है” : डॉ. श्रीनिवास राठौड़

कैमूर में कांग्रेस संगठन विस्तार की रणनीति पर व्यापक चर्चा
कैमूर। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कमेटी, दिल्ली से नियुक्त पर्यवेक्षक डॉ. श्री निवास राठौड़ ने कैमूर का दौरा किया। उनका मुख्य उद्देश्य जिले में कांग्रेस संगठन का विस्तार करना, सोनिया गांधी और राहुल गांधी के हाथों को मजबूत करना और पार्टी की नीतियों को जमीनी स्तर पर लागू कराना है।
डॉ. राठौड़ ने भाजपा सरकार को तानाशाही करार देते हुए कहा कि केंद्र सरकार संविधान को कमजोर कर रही है और सरकारी संस्थानों का निजीकरण कर रही है। उन्होंने कांग्रेस के ऐतिहासिक योगदान को रेखांकित करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित कर संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।
कैमूर पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पर्यवेक्षक का भव्य स्वागत किया। इस दौरान कांग्रेस नेत्री अंचला सिंह ने संगठन को सशक्त बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को मजबूत करना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। बैठक में सदर प्रखंड अध्यक्ष हरीश कुमार तिवारी, उपाध्यक्ष आलोक कुमार रावत, कार्यालय प्रभारी महेंद्र राम, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष सूचित पांडे, कांग्रेस नेता विनोद कुमार, मयंक कुमार, पुनीत सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर संगठन की मजबूती के लिए रणनीति तैयार की।