गोरखपुर
कूटरचित दस्तावेज से जमीन बैनामा कराने वाला अभियुक्त गिरफ्तार
गोरखपुर। कूटरचित दस्तावेजों के जरिए धोखाधड़ी कर जमीन का बैनामा कराने के मामले में पुलिस ने एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी कैंट के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक एम्स के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना एम्स पर दर्ज मुकदमा संख्या 313/2025, धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2), 61(1) बीएनएस से संबंधित अभियुक्त मुनीब निषाद (पुत्र स्वर्गीय श्यामलाल निषाद निवासी मकान संख्या 65 डी, मोहल्ला पार्वती नगर, थाना एम्स, गोरखपुर) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
पुलिस के अनुसार वादिनी, जो भूमि स्वामिनी है, उसकी जमीन को अभियुक्त ने धोखाधड़ी से अपने नाम बैनामा करा लिया। इसके लिए उसने एक अन्य महिला को वादिनी के रूप में प्रस्तुत किया और कूटरचित दस्तावेज तैयार कराए। इस संबंध में प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना एम्स में मुकदमा पंजीकृत किया गया था।
अभियुक्त की गिरफ्तारी में प्रभारी निरीक्षक चन्द्रप्रकाश पाण्डेय, उपनिरीक्षक राजेश कुमार सिंह तथा हेड कांस्टेबल पियूष कुमार सहित थाना एम्स की पुलिस टीम शामिल रही।
