वाराणसी
किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं : सीएम योगी
सारनाथ जैसा दिख रहा है, वैसे ही मेंटेन रहना चाहिए : मुख्यमंत्री
वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को दो दिवसीय दौरे पर काशी आयें। जहां उन्होंने देर शाम सर्किट हाउस में विकास, निर्माण व कानून व्यवस्था की बैठक कर अधिकारियों को हिदायत दी। सीएम ने बैठक के दौरान रामनगर किला के गंगा छोर के ठीक बगल में बन रहे बलुआ घाट की बारादरी की छत गिरने की घटना को गंभीरता से लिया। उन्होंने पर्यटन विभाग, कार्यदायी संस्था, कॉन्ट्रैक्टर और संबंधित नोडल अधिकारी के खिलाफ जांच कराकर जवाबदेही तय करते हुए कार्रवाई करने का आदेश दिया।
सीएम योगी ने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। घाटों पर लगने वाले पत्थरों की गुणवत्ता जांच लें। शास्त्री घाट पर बने सभी गुंबदों को फिर से खोलकर उनका पुनर्निर्माण करें। प्रत्येक विकास कार्य की मॉनिटरिंग के लिए एक नोडल अधिकारी नामित करें। हर घर नल योजना के सभी कार्यों को शत प्रतिशत पूरा कराए। आईजीआरएस, सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समय से निस्तारण करें। इसके हीलाहवाली पर कार्रवाई की जाएगी। सीएम ने कार्यदायी संस्था UPPCL के सभी कार्यों की जांच कराकर गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन सभी कार्यों के पूरा होने पर ही संबंधित विभाग से हैंडओवर लें। तभी परियोजनाओं को लोकार्पित कराएं। रोपवे परियोजना में अनावश्यक देरी न हो। जिलाधिकारी एस राजलिंगम ने बताया कि, तीन स्टेशन का निर्माण कार्य दिसंबर तक और बचे स्टेशनों का काम मार्च 2025 तक पूरा हो जाएगा।

सीएम ने कहा कि बाढ़ का स्थायी समाधान करें। वरुणा रिवर फ्रंट को मॉडल के रूप में विकसित करें। इसमें कोई सीवर व दूषित पानी न गिरे। बाढ़ के दौरान गंगा का पलट प्रवाह वरुणा नदी में न हो। वरुणा में हमेशा पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए नदी के प्रवेश स्थल से लेकर जगह-जगह चेक डैम बनाने को कहा। नदी के दोनों तरफ सघन पौधरोपण करने को भी कहा। कहा कि असि और वरुणा नदी वाराणसी की प्राचीनतम पहचान है। इनके अस्तित्व को बचाने का कार्य करना है।
ओवरलोडेड ट्रकों और वाहनों को जीरो प्वाइंट पर रोकें, उन पर कार्रवाई करें –
सीएम योगी ने कहा कि ओवरलोडेड ट्रकों और वाहनों को जीरो प्वाइंट पर ही रोकें। उन पर कार्रवाई करें। टूरिस्ट पुलिसिंग को प्रभावी बनाएं। सुरक्षा के मद्देनजर फुट पेट्रोलिंग बढ़ाएं। होटलों, दुकानों, प्रतिष्ठानों आदि में लगे अग्निशमन यंत्रों को अपडेट रखने की व्यवस्था कराएं। नाविकों, स्ट्रीट वेंडरों, व्यापारियों आदि समूहों के साथ नियमित बैठक व संवाद सुनिश्चित करें।
देर रात निरीक्षण पर निकले सीएम योगी ने अभियंताओं को दी हिदायत –
देर रात कचहरी-आशापुर संदहा मार्ग के चौड़ीकरण, सारनाथ प्रो-पूअर तथा सारंग नाथ महादेव मंदिर के पुनर्विकास परियोजना के प्रगति का निरीक्षण किया। सारनाथ में निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री सारनाथ के पुरातात्विक उत्खनित स्थल परिसर के मुख्य गेट के पास पहुंचे। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने डिस्प्ले बोर्ड के जरिए प्रो पुअर परियोजना की जानकारी दी। सीएम ने पूर्व में सड़क धंसने और विकास कार्यों में लापरवाही पर वीडीए अधिकारियों को चेताया। कहा कि सारनाथ जैसा दिख रहा है, वैसे ही मेंटेन रहना चाहिए। यह सभी सम्बंधित विभागों की जिम्मेदारी है।
इस दौरान कार्यदायी कार्यदायी संस्थाओं और अभियंताओं को मानक के अनुरूप समय से काम पूरा कराने की हिदायत दी। कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के साथ ही सुरक्षा मानकों का पूरा ध्यान रखा जाए। इसमें किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बाढ़ राहत शिविर में बच्चों को दीं टॉफियां –
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सारंग नाथ महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन भी किया। वहां से लौटने के बाद मुख्यमंत्री ने कचहरी के पास स्थित जेपी मेहता इंटर कॉलेज में बने शिविर में बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की। राहत शिविर में रहने वालों से हालचाल पूछा। उन्हें खाद्य सामग्री दी। बच्चों को टॉफी भी बांटी। साथ ही वहां की व्यवस्थाओं को भी परखा।
