Connect with us

वाराणसी

“किसानों की आमदनी बढ़ाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता” :  रामनाथ ठाकुर

Published

on

वाराणसी। मिर्जामुराद क्षेत्र के कल्लीपुर गांव स्थित कृषि विज्ञान केंद्र में गुरुवार को विकसित कृषि संकल्प अभियान 2025 के तहत आयोजित किसान संवाद कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने भाग लिया।
जहां कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी डॉ. नवीन सिंह ने केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री सहित सभी अतिथियों को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया।

कार्यक्रम के दौरान एफपीओ एवं किसानों द्वारा प्रदर्शित किए गए उनके उत्पादों का सभी स्टॉलों पर जाकर अवलोकन किया गया। कृषि विज्ञान केंद्र में प्रशिक्षण के दौरान बनाए गए अचार, मुरब्बा आदि कई उत्पादों के बारे में जानकारी ली गई।

किसान संवाद कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने कहा कि विकसित कृषि संकल्प अभियान पूरे देश में 29 मई से चल रहा है, जिसका आज अंतिम दिन कल्लीपुर गांव स्थित कृषि विज्ञान केंद्र, वाराणसी में समापन किया गया। जिसमें वैज्ञानिकों ने पूरे देश में 1 करोड़ आठ लाख चौरासी हजार किसानों के बीच पहुँचकर उन्हें नई तकनीक से खेती करने की जानकारी दी और प्रेरित किया।

उन्होंने विकसित कृषि संकल्प अभियान में शामिल सभी कृषि वैज्ञानिकों को बधाई दी। अधिकारियों को हिदायत देते हुए कहा कि वे किसानों के बीच जाएं, उनकी समस्याओं से अवगत होकर समाधान करें। किसानों को अच्छे बीज व उत्तम खाद मिले ताकि अनाज और सब्जियों की पैदावार अच्छी हो। किसानों से अपील की कि लोगों की सेहत को ध्यान में रखते हुए प्राकृतिक खेती पर ज़ोर दें। किसानों की आय कैसे बढ़े, अधिकारी उन्हें सरल भाषा में समझाएं।

Advertisement

कार्यक्रम के अंत में कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में सिंदूर और आम का पेड़ लगाकर उसकी सिंचाई की गई। इस दौरान भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली के उपमहानिदेशक (हॉर्टीकल्चर) डॉ. संजय सिंह ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि वाराणसी में सब्जी उत्पादन की अपार संभावनाएं हैं और बाज़ार भी उपलब्ध है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, अयोध्या के कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह ने बताया कि विकसित कृषि संकल्प अभियान को अपार सफलता मिली है। डॉ. सिंह ने कहा कि वाराणसी में गठित तीन टीमों ने पिछले पंद्रह दिनों में 135 गांवों में लगभग तीस हजार किसानों से सीधा संवाद स्थापित किया।

आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय की प्रबंध समिति के सदस्य शैलेन्द्र रघुबंशी ने किसानों को नर्सरी एवं बागवानी के लिए प्रेरित किया। स्वागत संबोधन निदेशक प्रसार डॉ. राम बटुक सिंह ने एवं धन्यवाद ज्ञापन भारतीय सब्ज़ी अनुसंधान संस्थान के निदेशक डॉ. राजेश कुमार ने किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राहुल कुमार सिंह ने किया।

Advertisement

इस मौके पर उपनिदेशक कृषि अमित जायसवाल, जिला कृषि अधिकारी संगम मौर्य, के. वी. के. के वैज्ञानिक डॉ. प्रतीक्षा, डॉ. मनीष पांडेय, श्रीप्रकाश, राणा पीयूष, अरविंद, देवमणि एवं अशोक सहित दर्जनों किसानों ने प्रतिभाग किया।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page