चन्दौली
किशोरियों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए कार्यशाला का हुआ आयोजन

सकलडीहा (चंदौली)। क्षेत्र के खड़ेहरा स्थित अमर ज्योति सेवा केंद्र में गुरुवार को महिला कल्याण विभाग द्वारा ग्रामीण अंचल की किशोरियों को लैंगिक समानता, भेदभाव संवेदीकरण कार्यशाला एवं प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महिला कल्याण विभाग से रागिनी, पुष्पा कुशवाहा, रीना ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रागिनी सिंह एवं पुष्पा कुशवाहा ने लिंग भेदभाव पर विस्तृत जानकारी दी और किशोरियों को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनने हेतु प्रेरित किया तथा गवर्नमेंट स्कीम के बारे में बताया। इसके साथ ही हेल्पलाइन नंबर 181, 1098 सहित विभिन्न हेल्पलाइनों की जानकारी दी। तत्पश्चात किशोरियों को बाल विवाह, दहेज, घरेलू हिंसा आदि पर पेंटिंग एवं निबंध लिखने को दिया गया। फर्स्ट आए प्रतिभागियों को विभाग द्वारा मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।