चन्दौली
काशी विश्वनाथ मंदिर जाने से रोके गये शिवसेना कार्यकर्ता
जिला प्रमुख ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
चंदौली में शिवसेना (उद्धव गुट) के कार्यकर्ताओं को काशी विश्वनाथ और माता गौरी मंदिर में जलाभिषेक करने से रोक दिया गया। पुलिस ने बिना अनुमति धार्मिक अनुष्ठान करने जा रहे एक दर्जन से अधिक कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।
पुलिस ने उन्हें कोतवाली ले जाकर करीब आधे घंटे तक पूछताछ की और फिर निजी मुचलके पर रिहा कर दिया। अधिकारियों ने उन्हें कानून-व्यवस्था बनाए रखने की सख्त हिदायत दी। शिवसेना के पूर्वांचल उप संगठन प्रमुख चंद्र मोहन सिंह ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि हर साल इस धार्मिक परंपरा का निर्वहन किया जाता है, लेकिन इस बार रोक लगा दी गई। उन्होंने हिंदूवादी सरकार पर ही धार्मिक गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाने का आरोप लगाया।
जिला प्रमुख अजय पासवान ने भी इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि शांतिपूर्ण यात्रा के दौरान हस्तक्षेप अनुचित है। हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं में कृष्णा सिंह, स्वेता सिंह, विनोद सिंह, प्रभुनारायण सिंह, सूरज यादव, दीनानाथ पटवा, कुश सिंह, संजय कुमार कन्नौजिया, राजन पाठक और कृष्णा गुप्ता शामिल थे।