Connect with us

वाराणसी

काशी नाइट राइडर्स ने फ्रीडम फाइटर रायल्स को हराकर फाइनल में बनाई जगह

Published

on

वाराणसी। केन्द्रीय कारागार वाराणसी में चल रही जेल प्रिमियर लीग (जे०पी०एल०-2026) के तहत मंगलवार को दूसरे फाइनलिस्ट के निर्धारण के लिए फ्रीडम फाइटर रायल्स और काशी नाइट राइडर्स के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। पहले फाइनलिस्ट के रूप में डिसिप्लिन डेयर डेविल्स पहले ही अपना स्थान सुनिश्चित कर चुकी है।

मंगलवार को खेले गए मुकाबले में फ्रीडम फाइटर रायल्स ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया। काशी नाइट राइडर्स की ओर से ओपनर बल्लेबाज अविनाश सिंह और दीपक यादव ने सधी हुई शुरुआत की। 22 रन के कुल स्कोर पर गेंदबाज धर्मेन्द्र मिश्रा ने दीपक यादव को विकेटकीपर आनन्द कुमार के हाथों कैच कराकर टीम को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए चन्दन यादव ने आक्रामक तेवर दिखाते हुए अविनाश सिंह का अच्छा साथ निभाया और टीम को दबाव से बाहर निकाला।

अविनाश सिंह ने 15 गेंदों पर चार छक्कों की मदद से 28 रन बनाए, जबकि चन्दन यादव ने 11 गेंदों पर एक छक्का व दो चौकों की सहायता से 19 रन जोड़े। इसके अलावा अभिषेक सिंह ने 10 गेंदों पर 18 रन, मोइन कालिया ने 7 गेंदों पर 15 रन और लोकेश्वर राव ने 6 गेंदों पर 15 रन बनाकर टीम का स्कोर 12 ओवर में 121 रन तक पहुंचाया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी फ्रीडम फाइटर रायल्स की ओपनिंग जोड़ी अवधेश कुमार और धर्मेन्द्र मिश्रा ने शानदार शुरुआत की। पांच ओवर में बिना विकेट गंवाए टीम ने 52 रन बना लिए। हालांकि छठवें ओवर में मोइन कालिया ने दोनों ओपनरों को आउट कर मैच में जबरदस्त वापसी कराई। इसके बाद चन्दन यादव ने अपने चार ओवर के स्पेल में चार महत्वपूर्ण विकेट लेकर फ्रीडम फाइटर रायल्स को बैकफुट पर धकेल दिया।

Advertisement

एक समय आसान जीत की ओर बढ़ रही फ्रीडम फाइटर रायल्स को काशी नाइट राइडर्स के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 103 रन पर समेट दिया और इस तरह काशी नाइट राइडर्स ने मुकाबला जीतकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। फ्रीडम फाइटर रायल्स की ओर से धर्मेन्द्र मिश्रा और विनीत सिंह ने दो-दो विकेट लिए, जबकि अनिल कुमार और अवधेश को एक-एक सफलता मिली।

मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार वरिष्ठ जेल अधीक्षक राधाकृष्ण मिश्र ने काशी नाइट राइडर्स के चन्दन यादव को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन (11 गेंदों पर 19 रन और 29 रन देकर 4 विकेट) के लिए प्रदान किया। उन्होंने पूरी टीम को एकजुट होकर खेलने और फाइनल में पहुंचने पर शुभकामनाएं दीं। वहीं फ्रीडम फाइटर रायल्स के संघर्षपूर्ण प्रदर्शन की भी सराहना की गई।

प्रभारी कारापाल अखिलेश कुमार मिश्र ने मंच संचालन करते हुए फ्रीडम फाइटर रायल्स की पूरे टूर्नामेंट में शानदार यात्रा की प्रशंसा की। उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और दर्शकों ने तालियों के साथ दोनों टीमों का उत्साहवर्धन किया। अधिकारियों ने फ्रीडम फाइटर रायल्स के बेहतर प्रदर्शन में फार्मासिस्ट संदीप खरे के विशेष योगदान की भी सराहना की।

टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 5 फरवरी 2026 को डिसिप्लिन डेयर डेविल्स और काशी नाइट राइडर्स के बीच खेला जाएगा। इस अवसर पर वरिष्ठ अधीक्षक राधाकृष्ण मिश्र, वरिष्ठ चिकित्सीय परामर्शदाता लक्ष्मीकान्त त्रिपाठी, प्रभारी जेलर अखिलेश कुमार मिश्र, डिप्टी जेलर अमित कुमार वर्मा, संदीप खरे सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहें।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page