Connect with us

वाराणसी

काशी-गंगा थीम पर बनेगा नगर निगम का नया सदन भवन, प्रधानमंत्री रखेंगे आधारशिला

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। नगर निगम मुख्यालय का स्वरूप अब पूरी तरह बदलने जा रहा है। सिगरा स्थित परिसर में जर्जर हो चुके पुराने भवनों को ध्वस्त कर काशी और गंगा की थीम पर आधारित एक भव्य एवं हाईटेक सदन भवन का निर्माण किया जाएगा। करीब 97 करोड़ रुपये (9699.65 लाख) की लागत से बनने वाला यह अत्याधुनिक भवन शिवलिंग की आकृति से प्रेरित बाहरी बनावट वाला होगा।

प्रस्तावित भवन को वर्तमान में जी-प्लस फोर यानी चार मंजिला स्वरूप में निर्मित किया जाएगा, जिसका कुल निर्मित क्षेत्र 21,858.01 वर्ग मीटर होगा। भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर इसे जी-प्लस सेवन यानी सात मंजिला तक विस्तारित करने का विकल्प भी रखा गया है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना की आधारशिला प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों रखे जाने की तैयारी है, जिसके लिए नगर निगम ने निर्माण प्रक्रिया को तेज कर दिया है।

इस परियोजना का निर्माण कार्यदायी संस्था सीएण्डडीएस, उत्तर प्रदेश जल निगम द्वारा ईपीसी मोड पर किया जाएगा, जिसे 15 माह में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह भवन न केवल प्रशासनिक कार्यों को सरल बनाएगा, बल्कि अपनी स्थापत्य शैली के माध्यम से काशी की सांस्कृतिक पहचान को भी प्रस्तुत करेगा।

भवन के भूतल को इस तरह डिजाइन किया गया है कि आम नागरिकों को एक ही परिसर में सभी आवश्यक सुविधाएं मिल सकें। यहां पुलिस चौकी, बैंक, पोस्ट ऑफिस, पीआरओ कार्यालय, डाटा सेंटर, कंप्यूटर सेल, कैंटीन तथा जन्म-मृत्यु पंजीकरण कक्ष की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही अलग-अलग प्रभागों में रिकार्ड रूम, कैश काउंटर, वॉल्ट रूम, मीटिंग रूम, ग्रीन रूम, जेसीओ रूम, यूनियन हॉल, टैक्स कलेक्शन रूम, सर्वर रूम और शौचालय जैसी सुविधाएं प्रस्तावित हैं।

प्रथम तल पर 180 पार्षदों की क्षमता वाला भव्य सदन हॉल बनाया जाएगा, जहां लोकतांत्रिक चर्चाओं के लिए आधुनिक व्यवस्थाएं उपलब्ध होंगी। द्वितीय तल पर पार्षदों के लिए विशेष कक्ष और वीवीआईपी रूम होंगे। तृतीय तल पर मीटिंग रूम और टैक्स विभाग संचालित किया जाएगा, जबकि चतुर्थ तल पर महापौर, नगर आयुक्त और अपर नगर आयुक्तों के कार्यालयों के साथ एक बड़ा कॉन्फ्रेंस हॉल बनेगा। पूरे भवन में आवागमन के लिए दो-दो लिफ्ट, आधुनिक शौचालय और सर्वर रूम जैसी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है, जिससे यह पूर्वांचल ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश का सबसे आधुनिक नगर निगम मुख्यालय बन सके।

Advertisement

महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दृढ़ संकल्प से काशी का चहुंमुखी विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि सिगरा स्थित नया सदन भवन अधिकारियों और पार्षदों के लिए आधुनिक कार्यस्थल बनेगा और अपनी ‘काशी-गंगा’ सांस्कृतिक थीम के कारण वैश्विक स्तर पर बनारस की नई पहचान स्थापित करेगा। यह भवन आने वाली पीढ़ियों के लिए सुशासन का प्रतीक बनेगा, जहां डिजिटल तकनीक और पौराणिक परंपराओं का संगम दिखाई देगा और जनसामान्य को मिलने वाली सुविधाओं में अभूतपूर्व सुगमता आएगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page