Connect with us

दुर्घटना

कार पेड़ से टकराई, दूल्हे के भाई समेत दो की मौत

Published

on

Loading...
Loading...


देवरिया। जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। हादसा सोनूघाट–मधुआनी मार्ग पर घटेला गाजी के पास हुआ, जब बारात से लौट रही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार करीब 100 किमी प्रति घंटा बताई जा रही है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दोनों युवक कार के अंदर ही फंस गए।

मृतकों की पहचान बरियारपुर थाना क्षेत्र के जेठसी गांव निवासी अतुल कुमार पांडेय (30) और खुखुंदू थाना क्षेत्र के साथियों गांव निवासी आकाश पाल के रूप में हुई है। अतुल बरियारपुर कस्बे में कपड़ों की दुकान चलाते थे, जबकि आकाश उनके यहां कर्मचारी के तौर पर काम करता था। सोमवार को अतुल के भाई की बारात कुशीनगर जिले के हाटा क्षेत्र में गई थी, जिसमें आकाश भी शामिल हुआ था। शादी समारोह के बाद विदाई होने पर दोनों कार से लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि अतुल आकाश को उसके घर छोड़ने जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को कार से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है। इस दर्दनाक घटना से दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और क्षेत्र में शोक की लहर है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page