वाराणसी
कार्तिक पूर्णिमा : काशी के घाटों पर पैर रखने की जगह नहीं, अयोध्या में ड्रोन से निगरानी
वाराणसी/अयोध्या। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर उत्तर प्रदेश समेत देश के विभिन्न राज्यों से लाखों श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए काशी के घाटों पर पहुंचे। सुबह 4 बजे से ही यहां के 80 घाटों पर पैर रखने तक की जगह नहीं थी। बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश और अन्य 10 राज्यों के लोग स्नान करने पहुंचे हैं। विदेशी पर्यटक इस धार्मिक उत्साह को अपने कैमरे में कैद करते नजर आए।
सुबह 7 बजे से लेकर 11 बजे तक 3 लाख से अधिक श्रद्धालु पवित्र गंगा स्नान कर चुके थे। इस दौरान अस्सी घाट पर डूबते हुए पंजाब के बठिंडा से आए 14 वर्षीय बालक निमाई गर्ग को जल पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बचा लिया।

गढ़ मुक्तेश्वर (हापुड़):
गढ़ मुक्तेश्वर मेले में इंसानियत की मिसाल देखने को मिली। एक दिव्यांग श्रद्धालु को मेले के इंचार्ज इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह ने अपनी पीठ पर लादकर गंगा किनारे तक पहुंचाया और उन्हें स्नान करवाया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब सराहा जा रहा है।
अयोध्या:
अयोध्या में सरयू स्नान और रामलला के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ा। सरयू घाट पर भक्तों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। प्रशासन ने सुरक्षा के लिए ड्रोन से निगरानी की व्यवस्था की है।

प्रयागराज:
प्रयागराज में संगम पर गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। लाखों की संख्या में श्रद्धालु सुबह से ही स्नान कर रहे हैं। प्रशासन द्वारा सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं।
