सियासत
कांग्रेस नेता गौरव वल्लभ ने दिया इस्तीफा, बीजेपी में हुए शामिल
कहा- सनातन विरोधी नारे नहीं लगा सकता
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस पार्टी को एक के बाद एक झटके लग रहे हैं। कांग्रेस नेता और प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने गुरुवार सुबह ही पार्टी से इस्तीफा दिया और फिर दोपहर में भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। उन्होंने कहा कि, “वह सनातन विरोधी नारे नहीं लगा सकते और ना ही देश के वेल्थ क्रिएटर्स को गाली दे सकते हैं। इसलिए उन्होंने कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता छोड़ने का फैसला किया है।”

वल्लभ ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को एक पत्र लिखकर इस्तीफा देने का कारण बताया, “नमस्कार! भावुक हूं। मन व्यथित है। काफी कुछ कहना चाहता हूं। लिखना चाहता हूं। बताना चाहता हूं, लेकिन मेरे संस्कार ऐसा कुछ भी कहने से मना करते हैं, जिससे दूसरों को कष्ट पहुंचे। फिर भी मैं आज अपनी बातों को आपके समक्ष रख रहा हूं, क्योंकि मुझे लगता है कि सच को छिपाना भी अपराध है और मैं अपराध का भागी नहीं बनना चाहता।”
वल्लभ ने अपने इस्तीफे के पत्र में यह भी बताया है कि, उन्हें अपने संस्कारों के खिलाफ काम करने की अनुमति नहीं है। उन्होंने आपत्तिजनक व्यवहार या सनातन विचारधारा को समर्थन नहीं किया है और इससे वह खुद को अलग कर रहे हैं।
आपको बता दें कि, गौरव वल्लभ राजस्थान और झारखंड से विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं, लेकिन हार का सामना करना पड़ा। वे चार्टर्ड अकाउंटेंट और इकोनॉमिक्स प्रोफेसर भी हैं।
