Connect with us

वाराणसी

कांग्रेसजनों ने मनाई गांधी-शास्त्री संग मसूरियादीन पासी की जयंती, दशहरे की दी बधाई

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी मसूरियादीन पासी की जयंती कांग्रेसजनों ने आज बड़े श्रद्धाभाव से मनाई। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कैंप कार्यालय लहुराबीर में कार्यकर्ताओं ने महापुरुषों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की और गोष्ठी का आयोजन किया। इसके अलावा टाउनहॉल स्थित महात्मा गांधी प्रतिमा और मैदागिन पर पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी मसूरियादीन पासी के छायाचित्र पर पुष्पांजलि कर उनकी जयंती भी मनाई गई। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेसजनों ने एक-दूसरे को दशहरे की शुभकामनाएं भी दीं।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल ने की, जबकि संचालन और स्वागत महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने किया।

प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि यह दिन हमें त्याग, सादगी और संघर्ष की प्रेरणा देता है। महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के बल पर देश को आज़ादी दिलाई। पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी और ईमानदारी से जीवन जिया तथा ‘जय जवान-जय किसान’ का नारा देकर आत्मनिर्भरता की राह दिखाई। काशी की पावन धरती के सेनानी मसूरियादीन पासी ने जनता के बीच आज़ादी की मशाल प्रज्वलित की और हर वर्ग को स्वतंत्रता संग्राम से जोड़ा। अजय राय ने कहा कि आज जब लोकतंत्र पर संकट है और जनता की आवाज दबाई जा रही है, तब गांधी, शास्त्री और पासी जी के विचार और भी प्रासंगिक हो जाते हैं। कांग्रेस पार्टी उनके सपनों के भारत की रक्षा के लिए सड़क से संसद तक संघर्षरत है।

प्रदेशवासियों को दशहरे की शुभकामनाएं देते हुए अजय राय ने कहा कि यह पर्व असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। यह हमें सिखाता है कि अन्याय कितना भी बड़ा क्यों न हो, उसका अंत निश्चित है। कांग्रेस पार्टी इसी संदेश को लेकर जन-जन तक जाएगी और समाज में न्याय, समानता व भाईचारे की मशाल जलाए रखेगी।

जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल ने कहा कि गांधी और शास्त्री का जीवन संघर्ष, अनुशासन और सेवा का संदेश देता है। वहीं मसूरियादीन पासी ने काशी की धरती पर स्वतंत्रता संग्राम को नई ऊर्जा प्रदान की। कांग्रेस कार्यकर्ता उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास करेंगे।

Advertisement

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि गांधी जी का सत्य और अहिंसा का मार्ग, शास्त्री जी की सादगी और पासी जी का संघर्षपूर्ण जीवन आज भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनता की सेवा और समाज के हर वर्ग की लड़ाई लड़ने के लिए समर्पित हैं।

श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, पदाधिकारी और वरिष्ठ कांग्रेसजन मौजूद रहे। सभी ने संकल्प लिया कि महात्मा गांधी, लाल बहादुर शास्त्री और मसूरियादीन पासी जैसे महापुरुषों के विचारों को जनता तक पहुंचाने और उनके आदर्शों को जीवन में उतारने के लिए सतत प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, दुर्गाप्रसाद गुप्ता, डॉ. राजेश गुप्ता, गुलशन अली, राजू राम, रमजान अली, वकील अंसारी, असलम खां, अखिलेश पाण्डेय, उमेश चंद्र गौड़, अब्दुल हमीद डोडे, मनू वर्मा, नरसिंह दास वर्मा, विकास कौण्डिल्य, हिमांशु सिंह, आशुतोष पाण्डेय, यासीन, मनोज यादव, संतोष मौर्य, अरुण कुमार वर्मा, सजीव गौड़, कैलाश पटेल, बृजेश कुमार, अमरेश पटेल, आशिष, विपिन पाल, शशी सोनकर, रामजी गुप्ता, प्रमोद यादव, नासिर, चंद्रिका, किशन, विकास समेत दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page