वाराणसी
कर्ज में डूबे युवक ने लगाई फांसी

अवैध संबंध का आरोप
वाराणसी। सारनाथ थाना क्षेत्र के हवेलिया गांव में गुरुवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गांव निवासी मुन्ना लाल ने अपने घर की छत पर गाटर के हुक से लूंगी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही सारनाथ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के बड़े भाई राजेंद्र मौर्या के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे मुन्ना लाल घर की छत पर गया और फंदा लगाकर लटक गया। पत्नी चंचला ऊपर कमरे में पहुंची तो यह दृश्य देखकर चीख पड़ी और नीचे आकर परिजनों को बताया।
राजेंद्र मौर्या ने आरोप लगाया कि मुन्ना लाल का पड़ोस की महिला बसंती से अवैध संबंध था। वह बसंती के घर पर चांदी के गहनों का काम करता था और अधिकतर समय वहीं रहता था, यहां तक कि खाना-पीना भी वहीं करता था। घर पर केवल सोने आता था।
बताया गया कि बसंती की जरूरतें पूरी करने के लिए मुन्ना लाल ने कई लोगों से कर्ज ले रखा था। एक महीने पहले कर्जदारों ने उसकी पिटाई भी की थी। मृतक की पत्नी चंचला घटना के बाद बेसुध हो गई। वहीं, उसका 10 वर्षीय बेटा उज्वल पिता के शव से लिपटकर फफक-फफक कर रोता रहा और कहता रहा – “पापा प्लीज उठ जाओ…”
बसंती के पति केशव पटेल की सात साल पहले मृत्यु हो चुकी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है।