गाजीपुर
करजही गांव में सफाई व्यवस्था ध्वस्त, जिम्मेदार मौन
जमानिया (गाजीपुर) जयदेश। जिले के तहसील क्षेत्र के करजही गांव में सफाई व्यवस्था पूरी तरह फेल हो चुकी है। गांव के लोग गंदगी, बदबू और बीमारी के खतरे के बीच रहने को मजबूर हैं, जबकि कागजों में सफाई कर्मी की तैनाती दिखाई जा रही है। यहां तक कि ग्राम पंचायत सचिवालय के अगल बगल भी गंदगी का अंबार लगा हुआ है।

ग्रामीणों का आरोप है कि नियुक्त सफाई कर्मी रामचंद्र राम महीनों तक गांव का मुंह तक नहीं देखते। सफाई के नाम पर कभी-कभार किसी डोम को भेज दिया जाता है, जिससे सिर्फ खानापूर्ति होती है। ग्रामीणों ने बताया कि जब सफाई की मांग को लेकर ग्राम प्रधान से कहा जाता है तो वह साफ कह देते हैं कि सफाई कर्मी ही नहीं आता, तो वह क्या कर सकते हैं।

सवाल यह है कि जब सफाई नहीं हो रही, तो वेतन किस काम का लिया जा रहा है? इस पूरे मामले में ग्राम प्रधान जितेंद्र कुमार ने खुद स्वीकार किया कि सफाई कर्मी नियमित रूप से गांव नहीं आता। वहीं एडीओ पंचायत उपेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि सफाई कर्मी को कई बार नोटिस दिया जा चुका है और ग्राम प्रधान से लिखित शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

अब बड़ा सवाल यह है कि जब समस्या पहले से ज्ञात है, नोटिस भी दिए जा चुके हैं, तो अब तक कार्रवाई क्यों नहीं? करजही गांव के लोग आज भी जवाब नहीं, सिर्फ गंदगी झेल रहे हैं।
