राज्य-राजधानी
करंट लगने से बैल की मौत, पशुपालक झुलसा
देवरिया। बनकटा थाना क्षेत्र के अहिरौली बघेल उत्तर टोला में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। बिजली का तार टूटकर नीचे लटके होने के कारण रमाकांत यादव के बैल की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई, जबकि पशुपालक और दूसरा बैल मामूली रूप से झुलस गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रतापपुर–भाटपार रानी मुख्य मार्ग पर जाम लगाकर बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की और मुआवजे के साथ दोषी कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि बिजली का तार एक दिन पहले ही टूटकर नीचे गिरा था। इसकी सूचना स्थानीय लाइनमैन और विभागीय अधिकारियों को दे दी गई थी, लेकिन समय पर मरम्मत न होने से यह दुर्घटना हुई। विभागीय लापरवाही के चलते पशु की जान गई है और इसके लिए जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
घटना उस समय हुई जब रमाकांत यादव बैलों को लेकर खेत की ओर जा रहे थे। नीचे लटक रहे तार से बैल का शरीर छूते ही तेज करंट लगा और एक बैल की मौके पर ही मृत्यु हो गई। इस हादसे के बाद गांव में अफरा–तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए। लोगों ने मुख्य मार्ग पर जाम लगाकर विरोध जताया।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक बनकटा गोरखनाथ सरोज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा–बुझाकर जाम हटवाया। उन्होंने बताया कि करंट लगने से पशु की मौत की जानकारी बिजली विभाग और तहसील प्रशासन को दे दी गई है।
