वाराणसी
कफ सीरप तस्करी केस में सरगना शुभम के पिता समेत 10 पर चार्जशीट
वाराणसी। सारनाथ थाना क्षेत्र में दर्ज कफ सीरप तस्करी मामले में पुलिस ने अहम कार्रवाई करते हुए सरगना शुभम जायसवाल के पिता भोला प्रसाद समेत कुल 10 आरोपितों के खिलाफ अदालत में आरोपपत्र दाखिल कर दिया है। यह प्रकरण पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी में दर्ज दूसरे मुकदमे से जुड़ा है, जिसकी जांच अब पूर्ण हो चुकी है।
इससे पूर्व रोहनिया थाने में दर्ज संबंधित मामले में भी पुलिस आरोपपत्र प्रस्तुत कर चुकी है। पुलिस के अनुसार, पूरे नेटवर्क का मुख्य संचालक शुभम जायसवाल वर्तमान में दुबई में छिपा हुआ है। अदालत ने उसे 30 मार्च तक पेश होने का निर्देश दिया है, अन्यथा समयसीमा समाप्त होने के बाद उसकी संपत्ति कुर्क करने सहित कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जांच के दौरान पुलिस को चेक बुक, पीडी फार्मा की मुहर, लेटर पैड, हस्ताक्षरयुक्त 120 बिल, एक एटीएम कार्ड, लैपटॉप और मोबाइल फोन जैसे महत्वपूर्ण साक्ष्य प्राप्त हुए थे। इन दस्तावेजों के आधार पर कानपुर और प्रयागराज के कारोबारियों सहित कई अन्य लोगों की संलिप्तता उजागर हुई।
सारनाथ थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी के मुताबिक, ई-वे बिल, बैंक स्टेटमेंट, नकद जमा पर्चियां, बैंक के सीसीटीवी फुटेज, आयकर रिटर्न, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, कोडीन युक्त कफ सीरप की फोरेंसिक रिपोर्ट, दवा कंपनियों की रिपोर्ट तथा टोल प्लाजा के आंकड़ों सहित विभिन्न साक्ष्यों की गहन जांच के बाद आरोपितों के खिलाफ मजबूत केस तैयार किया गया है।
जांच के दौरान बैंक अधिकारियों और अन्य संबंधित व्यक्तियों के बयान भी दर्ज किए गए। पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र में दर्ज चार मामलों में से दो में अब तक आरोपपत्र दाखिल किए जा चुके हैं, जबकि शेष मामलों की जांच अभी जारी है।
इस प्रकरण में जिन आरोपितों के विरुद्ध आरोपपत्र दाखिल किया गया है, उनमें वाराणसी के विष्णु कुमार पांडेय, लोकेश अग्रवाल, प्रतीक कुमार, आकाश पाठक, प्रयागराज निवासी सुरेशचंद्र गुप्ता, फैजुर रहमान, सत्येंद्र कुमार साहू, मोहम्मद सैफ तथा कानपुर के विनोद अग्रवाल शामिल हैं।
