Connect with us

वाराणसी

कफ सिरप मामले में 25-25 हजार के इनामी पिता-पुत्र गिरफ्तार

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी में कोडीन कफ सिरप सिंडिकेट से जुड़े प्रकरण में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शुभम जायसवाल के सहयोगी और सिंडिकेट इंटरप्राइजेज के प्रोप्राइटर मनोज यादव तथा उसके पुत्र लक्ष्य यादव को गिरफ्तार कर लिया है। देर रात रामनगर थाना क्षेत्र के टेंगरा मोड़ से दोनों को दबोचा गया। कार्रवाई के दौरान इस प्रकरण के लिए गठित एसआईटी के अधिकारी भी मौजूद रहे। दोनों आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

जैतपुरा थाना क्षेत्र के औसानगंज निवासी पिता-पुत्र के खिलाफ फर्जी ई-वे बिल के माध्यम से कफ सिरप की खरीद-फरोख्त का मामला दर्ज है। जांच में सामने आया है कि दोनों ने शैली ट्रेडर्स, जो शुभम जायसवाल के पिता की फर्म है, के साथ लेन-देन किया था। एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर कोतवाली पुलिस और एसआईटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई कर दोनों वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि दोनों कफ सिरप के जरिए अर्जित धन को रियल एस्टेट कारोबार में लगा रहे थे। एमएसएस फार्मा नामक रियल एस्टेट कंपनी मनोज यादव की ही बताई गई है।

एसीपी के अनुसार मनोज यादव के खिलाफ कोतवाली थाने में कफ सिरप बिक्री का मुकदमा दर्ज है, जबकि मनोज और उसके पुत्र लक्ष्य के विरुद्ध रामनगर थाने में अवैध रूप से कफ सिरप सप्लाई करने का मामला पंजीकृत है। अब तक दोनों द्वारा लाखों रुपये के कफ सिरप की खरीद-फरोख्त किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस को लंबे समय से दोनों की तलाश थी।

Advertisement

पुलिस के मुताबिक मनोज यादव, शुभम जायसवाल के पिता भोला जायसवाल का करीबी है। उसने शैली ट्रेडर्स से लाखों बोतल कफ सिरप का कारोबार किया। बताया गया कि सप्तसागर दवा मंडी के माध्यम से उसकी मुलाकात भोला और शुभम से हुई थी तथा फर्जी बिलों के जरिए माल का परिवहन कराया जाता था। वर्तमान में भोला जायसवाल सोनभद्र जेल में निरुद्ध है।

एसीपी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि कोडीन कफ सिरप प्रकरण में यह पहला अवसर है जब पिता-पुत्र की एक साथ गिरफ्तारी हुई है। आरोपी भोला जायसवाल को पहले ही पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है, लेकिन इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड और भोला का पुत्र शुभम अभी तक पुलिस की पकड़ से बाहर है। उसके खिलाफ शीघ्र ही रेड कॉर्नर नोटिस जारी किए जाने की तैयारी है। पुलिस के अनुसार वह विदेश में है।

उल्लेखनीय है कि वाराणसी पुलिस ने कुछ दिन पहले ही कोडीन कफ सिरप सिंडिकेट से जुड़े मनोज यादव के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए उसकी 13 करोड़ 53 लाख 05 हजार 985 रुपये मूल्य की संपत्ति फ्रीज की। उसके आवास के बाहर न्यायालय का नोटिस चस्पा किया गया तथा सार्वजनिक मुनादी भी कराई गई।

कोतवाली पुलिस द्वारा दर्ज मुकदमे में अभियुक्त मनोज कुमार यादव पुत्र भोला नाथ यादव को शुभम जायसवाल का करीबी और सिंडिकेट का सक्रिय सदस्य माना गया है। इसके आधार पर उसकी आपराधिक कृत्यों से अर्जित अचल संपत्तियों और बैंक खातों को सीज करने की कार्रवाई की गई।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page