अपराध
कफ सिरप तस्करी का मास्टरमाइंड मोहम्मद सैफ प्रयागराज एयरपोर्ट से गिरफ्तार
वाराणसी। कोडीन युक्त कफ सिरप की अवैध तस्करी से जुड़े एक बड़े नेटवर्क का पुलिस ने खुलासा करते हुए अहम सफलता हासिल की है। इस मामले में तस्करी गिरोह के मुख्य सरगना मोहम्मद सैफ को प्रयागराज एयरपोर्ट थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी सैफ प्रयागराज का रहने वाला है और लंबे समय से इस अवैध कारोबार में शामिल था।
पुलिस के अनुसार, मोहम्मद सैफ फर्जी दवा कंपनियों के माध्यम से कोडीन युक्त कफ सिरप की बड़े पैमाने पर खरीद-बिक्री और तस्करी करता था। वाराणसी के सारनाथ क्षेत्र में पीडी फार्मा समेत अन्य फर्जी फर्मों के नाम पर यह अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा था। जांच में सामने आया है कि इस नेटवर्क की जड़ें काफी गहरी हैं और यह लंबे समय से सक्रिय था।
सारनाथ पुलिस काफी समय से आरोपी की तलाश में लगी हुई थी। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे पुलिस रिमांड पर लिया जा रहा है। रिमांड के दौरान उससे पूछताछ कर तस्करी से जुड़े अन्य लोगों, सप्लाई चेन और वित्तीय लेन-देन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाई जाएंगी।
गौरतलब है कि इससे पहले 23 जनवरी को मोहम्मद सैफ के भाई मोहम्मद फैजुर रहमान को भी प्रयागराज से गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के अनुसार, फैजुर रहमान इस नेटवर्क का सक्रिय संचालक था। दोनों भाइयों की गिरफ्तारी से कोडीन कफ सिरप तस्करी से जुड़े इस सिंडिकेट पर पुलिस की पकड़ और मजबूत हुई है।
जांच में यह भी सामने आया है कि फर्जी दस्तावेजों और शेल कंपनियों के सहारे Escuf समेत अन्य कोडीन युक्त कफ सिरप की लाखों बोतलों की खरीद-बिक्री की जा रही थी, जिनका इस्तेमाल नशे के रूप में किया जाता था। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है और पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई जारी है।
