अपराध
ओडिशा में दो किशोरियों के साथ सामूहिक दुराचार
रिश्तेदार से मिलने रांची से गई थी राउरकेला
ओडिशा के राउरकेला में रांची की एक नाबालिग को तीन युवकों ने हवस का शिकार बनाया। नाबालिग अपने रिश्तेदार से मिलने रांची से राउरकेला पहुंची थी। वह 14 वर्ष की है। घटना प्लांट साइट थाना अंतर्गत बिरसा मुंडा एथलेटिक स्टेडियम के पास जंगल में शनिवार की शाम घटी। घटना के समय उसकी सहेली भी साथ थी।
पीड़िता ने बताया कि दुष्कर्म के बाद आरोपितों ने पहरा दे रहे अपने चार और साथियों को बुला लिया तथा शराब पीने बैठ गए थे। इसका फायदा उठाकर दोनों वहां से भाग निकलीं और अपनी बहन को फोन कर घटना की जानकारी दी और अपने पास बुलाया। इसके बाद बड़ी बहन दोनों को एक महिला नेत्री पास ले गई, जिसने रात होने के कारण दोनों को सुरक्षित स्थान पर रखा और सुबह डीएसपी को घटना की जानकारी दी और प्लांट साइट थाना में मामला दर्ज कराया गया।
महिला नेत्री के अनुसार पीड़िताएं शनिवार को चप्पल खरीदने बाजार गई थीं। वहां उन्हें दो युवक मिले और उन्हें सुरक्षित घर पहुंचाने का वादा कर बिरसा एथलेटिक स्टेडियम के पास जंगल में ले गए। बाद में उन्होंने अपने पांच और साथियों को बुला लिया। तीन लोग दोनों नाबालिगों को लेकर जंगल में घुस गए और अन्य चार बाहर पहरा दे रहे थे। तीनों आरोपितों ने पहले दोनों नाबालिगों में से एक के साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की लेकिन उसके शोर मचाने और विरोध करने के कारण वे उसके साथ दुष्कर्म करने में सफल नहीं हो पाए।
यह देख दूसरी नाबालिग ने शोर मचाना शुरू किया तो आरोपितों ने उसे पकड़ लिया और बारी-बारी से दुष्कर्म किया। इसके बाद तीनों आरोपित फिर से उनके साथ दुष्कर्म करने के लिए अपने अन्य चार साथियों को बुलाकर शराब पीने लगे। इसी बीच मौका पाकर दोनों नाबालिग वहां से भाग निकली।
