वाराणसी
ऑल इंडिया टैक्स स्लैब को लेकर परिवहन विभाग को सौंपा गया पत्रक
टूरिस्ट ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने जताया रोष
वाराणसी। ऑल इंडिया परमिट पर केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित किए गए 3 लाख रुपये वार्षिक टैक्स स्लैब के खिलाफ बनारस टूरिस्ट ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के महामंत्री प्रकाश जायसवाल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने वाराणसी आरटीओ कार्यालय पहुंचकर परिवहन विभाग को ज्ञापन सौंपा।
महामंत्री प्रकाश जायसवाल ने बताया कि कई राज्यों में वाहन पहले से राज्य कर का भुगतान कर चुके होते हैं, इसके बावजूद परिवहन विभाग के अधिकारी अनुचित रूप से चालान कर रहे हैं, जो सरासर गलत है। इस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और विभागीय रवैए की आलोचना की।
एसोसिएशन के प्रवक्ता शशि प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि आए दिन उनकी गाड़ियों का परिवहन विभाग और यातायात पुलिस द्वारा चालान किया जा रहा है। उन्होंने ई-चालान प्रणाली का विरोध करते हुए कहा कि सरकार को पहले अपनी तकनीकी और प्रशासनिक व्यवस्था सुधारनी चाहिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी अपने मोबाइल से ई-चालान कर जातीय भेदभाव और धन उगाही का माध्यम बना रहे हैं, जबकि ई-चालान का प्रावधान केवल कैमरा आधारित प्रणाली के लिए है।
एसोसिएशन ने सरकार से मांग की है कि जल्द से जल्द इस व्यवस्था में पारदर्शिता लाई जाए और पुलिस को मनमानी से ई-चालान करने से रोका जाए।
ज्ञापन देने वालों में प्रकाश जायसवाल, शशि प्रताप सिंह, प्रवीण श्रीवास्तव पिंटू, मुकेश पांडे, रोहित सिंह, डब्ल्यू सिंह, मुकेश सिंह, भावेश सिंह, बृजेश यादव और अजय पांडे सहित वाराणसी के कई प्रमुख ट्रांसपोर्टर शामिल रहे।
