वाराणसी
एसटीएफ ने 50 हजार के इनामी गो-तस्कर को दबोचा
वाराणसी। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (यूपी एसटीएफ) की वाराणसी इकाई ने गो-तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त मो. अरशद को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी के विरुद्ध गोवध निवारण अधिनियम तथा पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज था और वह वर्ष 2024 से थाना कोतवाली चंदौली, जनपद चंदौली में वांछित चल रहा था।
एसटीएफ (STF) को सूचना मिली थी कि मो. अरशद थाना लोहता क्षेत्र के धमरियों मैदान के पास मौजूद है। इस इनपुट पर पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में निरीक्षक अमित श्रीवास्तव और दरोगा शहजादा खां के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने घेराबंदी कर गत रात लगभग 10:10 बजे आरोपी को दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्त मो. अरशद पुत्र गुलाम नवी, निवासी लहंगपुरा औरंगाबाद, थाना सिगरा, वाराणसी है।
मामले की पृष्ठभूमि 15 मार्च 2024 से जुड़ी है, जब थाना कोतवाली चंदौली क्षेत्र में तीन वाहनों से 34 गो-वंशीय पशु बरामद किए गए थे। इस प्रकरण में उसके गिरोह के तीन अन्य तस्करों को पूर्व में ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। विवेचना के दौरान मो. अरशद का नाम प्रकाश में आया, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
इसके अतिरिक्त, आरोपी के खिलाफ थाना सिगरा, वाराणसी में वर्ष 2020 और 2021 में मारपीट, धमकी सहित अन्य धाराओं में भी मुकदमे दर्ज हैं। बाद में वह गो-वंशीय पशुओं की तस्करी में संलिप्त गिरोह से जुड़ गया था।
एसटीएफ ने गिरफ्तार अभियुक्त को आगे की विधिक कार्रवाई के लिए थाना कोतवाली चंदौली को सुपुर्द कर दिया है। स्थानीय पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई में जुटी है। इस कार्रवाई को गो-तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।
