Connect with us

वाराणसी

बाबतपुर में नया रेलवे टर्मिनल प्रस्तावित, यात्रियों को मिलेगी बड़ी सुविधा

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। कैंट रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के बढ़ते दबाव को कम करने के लिए रेल मंत्रालय ने बाबतपुर में नया रेलवे टर्मिनल बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए रेल अधिकारियों को संभावनाओं का अध्ययन करने का निर्देश दिया गया है।

लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा के निकट होने के कारण रेलवे की नजर बाबतपुर पर टिकी हुई है। फिलहाल यह परियोजना योजना के स्तर पर है और जल्द ही इसे सर्वे के चरण में लाया जाएगा। रेल मंडल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बाबतपुर में टर्मिनल बनाने की योजना की पुष्टि की है।

दरअसल, कैंट (वाराणसी) रेलवे स्टेशन से 102 ट्रेनें रन-थ्रू गुजरती हैं। इसके अतिरिक्त 22 ट्रेनें वाराणसी से बनकर देश के विभिन्न हिस्सों के लिए रवाना होती हैं। इन ट्रेनों को अप और डाउन दिशा में कैंट स्टेशन पर लगभग 30 मिनट तक रुकना पड़ता है, जिससे प्लेटफार्म लंबे समय तक व्यस्त रहते हैं।

रेलवे की योजना इन ट्रेनों को बाबतपुर टर्मिनल से संचालित करने और कैंट रेलवे स्टेशन पर केवल 10 मिनट का आंशिक ठहराव देने की है। यदि ऐसा होता है तो प्लेटफार्म करीब 440 मिनट तक अतिरिक्त खाली रह सकेंगे, जिससे अन्य ट्रेनों के संचालन में सहूलियत मिलेगी।

कैंट (वाराणसी) रेलवे स्टेशन से बाबतपुर की दूरी लगभग 22 किलोमीटर है। बाबतपुर स्टेशन पर सुविधाओं का विस्तार होने पर कैंट स्टेशन से ट्रेन पकड़ने वाले यात्रियों की संख्या लगभग 15 प्रतिशत तक कम हो सकती है। पिंडरा, हरहुआ और फूलपुर क्षेत्र के लोग पहले से ही बाबतपुर से ट्रेन पकड़ना अधिक सुविधाजनक मानते हैं। वहीं अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से बाबतपुर रेलवे स्टेशन पास होने के कारण भविष्य में यहां की संभावनाएं और बढ़ने की उम्मीद है। वाराणसी में पर्यटन की संख्या सात करोड़ से अधिक पहुंचने के कारण भी इस क्षेत्र का महत्व बढ़ता जा रहा है।

Advertisement

बाबतपुर रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित करने की तैयारी भी चल रही है। इस स्टेशन के दो प्लेटफार्म से 15 ट्रेनें गुजरती हैं, जबकि वरुणा एक्सप्रेस (लखनऊ–वाराणसी), गंगा सतलुज एक्सप्रेस, अमृतसर–हावड़ा एक्सप्रेस, मरुधर एक्सप्रेस के साथ मेमू और पैसेंजर ट्रेनें यहां ठहरती हैं। यह स्टेशन लखनऊ, अमृतसर और हावड़ा सहित कई स्थानों से जुड़ा हुआ है, जिससे कई यात्री कैंट रेलवे स्टेशन आने से बचना चाहते हैं। प्रस्तावित टर्मिनल से कारोबारियों और उद्यमियों को भी लाभ मिलने की संभावना जताई जा रही है।

इसके अलावा काशी रेलवे स्टेशन को पहले ही 300 करोड़ रुपये की लागत से कैंट स्टेशन के सैटेलाइट स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां चार अतिरिक्त रेल लाइनें बिछाई जा रही हैं। ऐसे में बाबतपुर में नया रेल टर्मिनल बनने की योजना से यह संकेत मिल रहा है कि भविष्य में वाराणसी से कई नई ट्रेनों के संचालन की संभावनाएं बढ़ सकती हैं।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page