गाजीपुर
एनएसएस शिविर के पांचवें दिन एकात्म ध्यान और जल संरक्षण का संदेश
जमानिया (गाजीपुर) जयदेश। स्टेशन बाजार स्थित हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय में चल रहे राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सप्तदिवसीय विशेष शिविर का पांचवां दिन एकात्म ध्यान और विश्व जल संरक्षण दिवस के संदेश को समर्पित रहा।

शिविर की शुरुआत प्रातःकाल जागरण, योग, प्रार्थना और श्रमदान से हुई। प्रथम सत्र में महाविद्यालय के वरिष्ठ आचार्य प्रो. अखिलेश कुमार शर्मा शास्त्री, डॉ. विजय श्याम पांडेय एवं हार्टफुलनेस के प्रतिनिधि मिथिलेश कुमार ने मां सरस्वती के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

इस दौरान मिथिलेश कुमार ने शिविरार्थियों को सार्वभौमिक एकात्मवाद की अवधारणा से जोड़ते हुए कहा कि आधुनिक जीवनशैली में बढ़ते तनाव का प्रभावी समाधान एकात्म ध्यान के माध्यम से संभव है। वहीं प्रो. अखिलेश कुमार शर्मा शास्त्री ने हार्टफुलनेस ध्यान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह पद्धति मन को शांत कर जीवन के प्रत्येक चरण में सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करती है।

सत्र के दौरान शिविरार्थियों ने पोस्टर प्रदर्शनी के माध्यम से महिला सशक्तीकरण, जल संरक्षण और मृदा संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर संदेश प्रस्तुत किए। द्वितीय सत्र में 22 मार्च को मनाए जाने वाले विश्व जल संरक्षण दिवस के अवसर पर जागरूकता रैली निकाली गई। रैली महाविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर जमानियां रेलवे स्टेशन, गांधी चौक होते हुए बस स्टैंड तक पहुंची। बस स्टैंड पर स्वयंसेवकों ने नशामुक्ति पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर आमजन को जागरूक किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. अभिषेक तिवारी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. राकेश कुमार सिंह ने दिया। इस अवसर पर सहायक आचार्य अमित कुमार, पप्पू कुमार, अनिमेष, शीपू सहित अन्य शिक्षकगण मौजूद रहे।
यह शिविर युवाओं में सामाजिक जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण और आध्यात्मिक विकास को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
