वाराणसी
एटीएम में ठगी की साजिश नाकाम, आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी। शहर के लंका क्षेत्र में गुरुवार को एटीएम के माध्यम से फर्जीवाड़ा करने का प्रयास कर रहे एक युवक को स्थानीय नागरिकों ने मौके पर ही दबोच लिया। यह घटना काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के सिंहद्वार से पहले पंडित मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा के पास स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम बूथ की है। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर लंका थाना भेज दिया।
मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक युवक एटीएम मशीन में छेड़छाड़ कर ग्राहकों को ठगने की कोशिश कर रहा था। उसकी हरकतें संदिग्ध प्रतीत होने पर आसपास के लोगों ने सजगता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी से पूछताछ प्रारंभ कर दी है। साथ ही एटीएम बूथ में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि वह अकेले इस वारदात को अंजाम दे रहा था या किसी गिरोह से जुड़ा है। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
