चन्दौली
एक ही घर के दो होनहारों ने बढ़ाया परिवार का मान

सकलडीहा (चंदौली)। यदि हौसले बुलंद हों तो व्यक्ति कोई भी लक्ष्य भेद सकता है। यह कथन नोनार तुलसी आश्रम गांव के मयंक प्रकाश कुशवाहा पर पूरी तरह सटीक बैठता है। मयंक ने अपनी मेहनत और आत्मनिर्भर अध्ययन (सेल्फ स्टडी) के बल पर कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा उत्तीर्ण कर वरिष्ठ सचिवालय सहायक (Senior Secretariat Assistant) के पद पर नियुक्ति प्राप्त की है। उनकी इस सफलता से न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई है।
मयंक प्रकाश कुशवाहा ने बताया कि कुछ वर्षों पूर्व उनका चयन भारतीय वायुसेना (Airforce) में भी हो गया था, लेकिन भर्ती प्रक्रिया विभाग द्वारा रद्द कर दी गई थी। इस घटना के बाद उनके मन में कई तरह के विचार आए, लेकिन उन्होंने अपने हौसले को कमजोर नहीं पड़ने दिया और अपने लक्ष्य को बनाए रखा। निरंतर प्रयास और कड़ी मेहनत का ही परिणाम है कि उन्हें भारत सरकार के सूचना, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय में वरिष्ठ सचिवालय सहायक के रूप में नियुक्ति मिलने का गौरव प्राप्त हुआ है।
मयंक प्रकाश कुशवाहा
मयंक की प्रारंभिक शिक्षा उनके गांव के ही प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय से हुई। इसके बाद उन्होंने हरिद्वार राय इंटर कॉलेज से हाई स्कूल तथा राष्ट्रीय इंटर कॉलेज, कमलापुर से इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने स्वामी शरण डिग्री कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई पूरी की। उनकी इस सफलता से उनके शिक्षकों और परिजनों में हर्ष का माहौल है।
मयंक के परिवार में ही एक और उपलब्धि दर्ज हुई है। उनके छोटे भाई शशांक प्रताप का चयन प्रतिष्ठित जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा छह में प्रवेश हेतु हुआ है। शशांक अनमोल हॉस्टल, डेढ़गावां में नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। उनकी इस सफलता से परिवार में उत्साह दोगुना हो गया है।
शशांक प्रताप
मयंक ने अपनी सफलता का श्रेय अपने चाचा डॉक्टर सूबेदार कुशवाहा को दिया है। उन्होंने बताया कि उनके मार्गदर्शन और प्रेरणा से ही यह सफलता प्राप्त हो सकी। परिवार के अन्य सदस्यों ने भी मयंक और शशांक की इस उपलब्धि पर हर्ष जताया और कहा कि उनकी मेहनत और लगन से यह सिद्ध हो गया कि दृढ़ संकल्प से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
मयंक और शशांक की इस शानदार सफलता पर गांववासियों ने भी हर्ष व्यक्त किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।