गोरखपुर
एक दिन की थाना प्रभारी बनीं गरिमा शर्मा

छात्राओं को मिला महिला सुरक्षा व सशक्तिकरण का संदेश
गोरखपुर। हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के घोठवा स्थित श्री गांधी इंटर कॉलेज परिसर में मिशन शक्ति 5.0 कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को महिला सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम की विशेष झलक तब देखने को मिली जब कॉलेज की मेधावी छात्रा गरिमा शर्मा को एक दिन के लिए थाना प्रभारी बनाया गया। गरिमा शर्मा ने पुलिस की जिम्मेदारियों को समझते हुए पूरे आत्मविश्वास के साथ कार्यभार संभाला और छात्राओं को सुरक्षा व आत्मनिर्भरता का प्रेरणादायक संदेश दिया।
थाना हरपुर बुदहट की पुलिस टीम ने छात्राओं को मिशन शक्ति के उद्देश्यों और महिला सशक्तिकरण की दिशा में चल रहे प्रयासों के बारे में जानकारी दी। एसआई विशाल यादव ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण से छात्राओं का आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे निर्भीक होकर अपने अधिकारों की रक्षा कर सकेंगी।
कार्यक्रम में छात्राओं को डायल 112, महिला हेल्पलाइन 181, वूमेन पावर लाइन 1090 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 जैसे हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। साथ ही निराश्रित महिला पेंशन योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना और बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ जैसी सरकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई।
इस अवसर पर महिला हेड कांस्टेबल अनीता गौड़, प्रियंका, कांस्टेबल केशव कुमार सहित विद्यालय की शिक्षिकाएं और छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने मिशन शक्ति के तहत महिला सुरक्षा और समानता की शपथ ली।