Connect with us

अपराध

एक करोड़ का गांजा बरामद, दो गिरफ्तार

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। नववर्ष 2025 के आगमन पर अपराध पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत वाराणसी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देशन में और पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के पर्यवेक्षण में, एसओजी टीम और थाना रोहनिया पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए 141.846 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है।

गिरफ्तारी भदवर अंडरपास के पास चेकिंग के दौरान मध्य रात्रि (1 जनवरी) तड़के करीब 2:15 बजे की गई। पुलिस ने बोलेरो पिकअप वाहन से गांजे की इस बड़ी खेप के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान राज किशोर साहू (28) और शीलू बहेरा (27), दोनों निवासी जनपद गंजम, उड़ीसा, के रूप में हुई है।

पुलिस टीम द्वारा नववर्ष के मद्देनजर भदवर अंडरपास पर चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान रामनगर की ओर से तेज गति से आ रहे एक बोलेरो पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली गई। पूछताछ में चालक ने खुद को राज किशोर साहू बताया, जबकि दूसरे व्यक्ति ने अपना नाम शीलू बहेरा बताया।

पहले तो आरोपियों ने वाहन में फल ले जाने की बात कही, लेकिन पुलिस को उनके हावभाव संदिग्ध लगे। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने खुलासा किया कि वाहन के डिवाइडर के पीछे बड़ी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा गया है। इसके बाद वाहन की तलाशी में छिपाकर रखा गया 141.846 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ रुपये है।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उड़ीसा से कम कीमत पर गांजा खरीदकर वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में ऊंचे दामों पर बेचते हैं। इस बार भी गांजा लेकर आए थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया।

Advertisement

पुलिस ने वाहन और बरामद माल को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ थाना रोहनिया में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। एसओजी और रोहनिया पुलिस की इस सफलता पर उच्च अधिकारियों ने टीम की सराहना की है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page