खेल
आरसीबी ने ऑलराउंड प्रदर्शन से चौंकाया, हैदराबाद को मैच में छकाया
आरसीबी बनाम सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेले गये मुकाबले में आरसीबी ने 35 रनों से जीत के साथ हैदराबाद के विजय रथ को रोक दिया। डुप्लेसिस के नेतृत्व वाली टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 206 रन बनाए। जवाब में सनराइजर्स हैदराबाद 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 171 रन बना सकी। आरसीबी के गेंदबाजों ने इस मुकाबले में कहर बरपाया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी की शुरुआत दमदार हुई। विराट कोहली और फाफ डुप्लेसिस के बीच पहले विकेट के लिए 48 रनों की साझेदारी हुई। डुप्लेसिस 12 गेंदों में 25 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि किंग कोहली ने 43 गेंदों में 51 रनों की पारी खेली। इसके अलावा चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए रजत पाटीदार भी दमदार फॉर्म में नजर आए। उन्होंने 20 गेंदों में दो चौकों और पांच छक्कों की मदद से 50 रन बनाने में कामयाब हुए।

इस मैच में विल जैक्स छह, कैमरन ग्रीन 37, महिपाल लोमरोर सात, दिनेश कार्तिक 11 और स्वप्निल सिंह 12 रन बनाने में कामयाब हुए। हैदराबाद के लिए जयदेव उनादकट ने तीन विकेट चटकाए। इसके अलावा टी नटराजन ने दो विकेट हासिल किए। वहीं, पैट कमिंस और मयंक मार्कंडेय को एक-एक सफलता मिली।

207 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद की शुरुआत झटके के साथ हुई थी। सलामी बल्लेबाजी के लिए आए ट्रेविस हेड सिर्फ एक रन बनाकर लौटे। उन्हें विल जैक्स ने पहले ओवर की आखिरी गेंद पर निशाना बनाया। इसके बाद अभिषेक शर्मा 31 रन बनाकर आउट हुए।

इस मुकाबले में शाहबाज अहमद ने 40 (नाबाद) और पैट कमिंस ने 31 रन बनाए। इन तीनों खिलाड़ियों के अलावा टीम का कोई भी बल्लेबाज ज्यादा देर तक विकेट पर नहीं टिक सका। आरसीबी के खिलाफ मार्क्ररम सात, नितीश 13, क्लासेन सात, अब्दुल समद 10, भुवनेश्वर कुमार 13 और उनादकट आठ (नाबाद) रन बना सके।
