Connect with us

मिर्ज़ापुर

आम आदमी पार्टी ने 175 आशा कर्मियों की नियुक्ति में लगाया घोटाले का आरोप

Published

on


मिर्जापुर। जनपद में 175 आशा कार्यकर्ताओं की नियुक्ति को लेकर आम आदमी पार्टी ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी ने आरोप लगाया कि यह नियुक्तियां मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सी.एल. वर्मा द्वारा मनमाने ढंग से शासनादेश और नियमों के विरुद्ध की गई हैं। आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष प्रोफेसर बी. सिंह और प्रदेश सचिव एवं सोनभद्र जिला प्रभारी सुनील कुमार पांडे एडवोकेट के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर जिला प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताया।

प्रदर्शन के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी मिर्जापुर को एक ज्ञापन सौंपा जिसमें मांग की गई कि आशा कार्यकर्ताओं की इस नियुक्ति को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए और चयन प्रक्रिया की उच्च स्तरीय जांच कर दोषी अधिकारियों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए।

प्रदर्शन के बाद प्रदेश सचिव सुनील कुमार पांडे एडवोकेट के नेतृत्व में मंडलायुक्त विंध्याचल मंडल डॉक्टर विश्राम एवं अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विंध्याचल मंडल श्रीमती शोभना दुबे को संबोधित एक अलग पत्र सौंपा गया। साथ ही, मामले से प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री उत्तर प्रदेश को भी पत्र के माध्यम से अवगत कराया गया है।

Advertisement

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए प्रोफेसर बी. सिंह ने कहा, “मिर्जापुर का स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह भ्रष्टाचार के दलदल में फंसा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी के पद पर डॉक्टर सीएल वर्मा की नियुक्ति के बाद से विभाग में भ्रष्टाचार की घटनाएं लगातार बढ़ी हैं। शासन की चुप्पी यह दर्शाती है कि स्वास्थ्य व्यवस्था की सुध लेने को लेकर सरकार गंभीर नहीं है।”

उन्होंने कहा कि 175 आशा कर्मियों की नियुक्ति में शासनादेश की खुली अवहेलना कर अपनों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से यह नियुक्तियां की गई हैं। पार्टी की मांग है कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को बर्खास्त किया जाए।

प्रदेश सचिव सुनील कुमार पांडे ने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कार्यक्रम में भी करोड़ों रुपये का भ्रष्टाचार हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सीएमओ डॉ. सीएल वर्मा, उनके सहयोगी उप चिकित्सा अधिकारी श्री मुकेश प्रसाद और स्थानांतरित कनिष्ठ लिपिक अमित कुमार सिंह के द्वारा सुनियोजित ढंग से यह घोटाला किया गया है।

Advertisement

पार्टी नेताओं ने कहा कि बार-बार शिकायतों के बावजूद गुमराह करने वाली रिपोर्टें लगाई जा रही हैं। उन्होंने मांग की कि आशा कार्यकर्ताओं की नियुक्ति प्रक्रिया को रद्द कर एक पारदर्शी चयन प्रक्रिया लागू की जाए।

इस प्रदर्शन में प्रमुख रूप से भोलानाथ धीहार, आनंद कुमार सिंह, महेश सोनकर, सोहेल खान, मोहम्मद यासीन, संतोष सोनी (नगर अध्यक्ष यूथ विंग), रामराज जायसवाल, मनबोध दुबे (नगर प्रभारी), मोनू सोनकर, सिकंदर अली, सानू अली, राज बहादुर मौर्य (विधानसभा अध्यक्ष मझवा), राजेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट, कृष्णकांत, संतोष कुमार, जितेंद्र कुमार, भारतीय जिला सचिव विजय कृष्ण श्रीवास्तव समेत सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल रहे।

आम आदमी पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उचित कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी चरणबद्ध तरीके से आंदोलन को और तेज करेगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa