मिर्ज़ापुर
आप के नेता पर पुलिसिया उत्पीड़न का आरोप, कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
मिर्जापुर। आम आदमी पार्टी (आप) के यूथ विंग के जिला महामंत्री आनंद कुमार सिंह पर पुलिसिया उत्पीड़न का मामला सामने आने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय और पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला अध्यक्ष प्रोफेसर बी. सिंह और प्रदेश सचिव सुनील कुमार पांडे एडवोकेट ने किया। कार्यकर्ताओं ने थानाध्यक्ष अजीत कुमार सिंह और कांस्टेबल नितेश कुमार के निलंबन की मांग करते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की।
घटना 25 दिसंबर की रात की है। आरोप है कि थाना कटरा के प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार सिंह और कांस्टेबल नितेश कुमार ने आनंद कुमार सिंह को थाने में अमानवीय यातना दी और बेल्ट से मारपीट की। आनंद को 24 घंटे से अधिक समय तक थाने में बैठाकर रखा गया और उन्हें अदालत में पेश नहीं किया गया।

आरोप है कि यह उत्पीड़न कटरा थाना क्षेत्र के एक संपत्ति विवाद के मामले में किया गया। स्थानीय निवासी कन्हैया लाल अपने पुश्तैनी मकान पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माण कार्य करा रहे थे, जिसे विपक्षी राजू उर्फ मदारी और उसके सहयोगियों ने रोकने का प्रयास किया। पुलिस पर आरोप है कि उन्होंने विपक्षियों के पक्ष में काम करते हुए निर्माण कार्य में अवरोध पैदा किया।
पुलिस पर मिलीभगत और मानवाधिकार हनन का आरोप
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने विपक्षियों के साथ मिलीभगत कर आनंद कुमार सिंह को निशाना बनाया। उन्होंने यह भी कहा कि घटना का सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध है, जो पुलिस की भूमिका को उजागर करता है।

सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर प्रदर्शन करते हुए ज्ञापन सौंपा। उनकी प्रमुख मांगें थीं:
1. थानाध्यक्ष अजीत कुमार सिंह और कांस्टेबल नितेश कुमार को तत्काल निलंबित किया जाए।
2. इस घटना की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए।
3. विपक्षी पक्ष के समर्थकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।

जिला अध्यक्ष प्रो. बी. सिंह ने कहा कि यदि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई, तो आम आदमी पार्टी बड़ा आंदोलन करेगी। उन्होंने पुलिस पर मानवाधिकार उल्लंघन का गंभीर आरोप लगाया।
प्रदेश सचिव सुनील कुमार पांडे ने कहा, “यह घटना पुलिस की मनमानी और मानवाधिकार हनन का उदाहरण है। दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई न होने तक पार्टी संघर्ष करती रहेगी।” प्रदर्शन में शामिल प्रमुख कार्यकर्ताओं में दिलीप सिंह गहरवार, संतोष सोनी, सुनील कुमार पांडे एडवोकेट, राजमणि दुबे, महेंद्र सोनकर, अजय कुशवाहा और अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
