गाजीपुर
आत्महत्या का पोस्ट डालते ही हरकत में आई पुलिस, युवती की बचायी जान
सादात (गाजीपुर)। पुलिस ने सोशल मीडिया पर आत्महत्या का पोस्ट देखकर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवती की जान बचाई। इस सराहनीय कदम की चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है और पुलिस की सक्रियता की जमकर प्रशंसा की जा रही है।
सोमवार को डीजीपी ऑफिस के सोशल मीडिया सेल को इंस्टाग्राम पर एक युवती का पोस्ट मिला, जिसमें उसने भारी मात्रा में दवा की गोलियां खाकर आत्महत्या करने की बात कही थी। सूचना मिलते ही मीडिया सेल गाजीपुर ने तत्काल थाना सादात को अलर्ट किया।
सादात पुलिस टीम तुरंत ग्राम कुंदुरसीपुर पहुंची, जहां युवती चारपाई पर अचेत अवस्था में मिली। महिला सिपाही की मदद से उसे सीएचसी सादात में भर्ती कराया गया। समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई।
पुलिस पूछताछ में पता चला कि युवती ने प्रेमी से नाराज होकर और जीवन से निराश होकर यह कदम उठाया था। डॉक्टरों का कहना है कि यदि समय पर उसे अस्पताल न पहुंचाया जाता तो उसकी जान जा सकती थी।
सादात एसओ वागीश विक्रम सिंह ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। युवती के परिवार ने पुलिस की तत्परता और कर्मठता की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। मीडिया सेल और सादात पुलिस की सतर्कता से एक जान और एक परिवार, दोनों को बड़ा दुख झेलने से बचा लिया गया।
