गाजीपुर
आकांक्षा सिंह की सफलता से अभईपुर गौरवान्वित, यूपीएससी में 301वीं रैंक हासिल
जमानिया (गाजीपुर) जयदेश। तहसील क्षेत्र के अभईपुर गांव की बेटी आकांक्षा सिंह ने अपनी कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर सफलता का परचम लहराया है। आकांक्षा सिंह ने प्रतिष्ठित यूपीएससी परीक्षा में 301वीं रैंक प्राप्त कर न केवल अपने माता-पिता का नाम रोशन किया है, बल्कि पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। आकांक्षा सिंह के पिता रणजीत सिंह हैं।

जैसे ही आकांक्षा की इस शानदार उपलब्धि की खबर गांव पहुंची, पूरे अभईपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में खुशी की लहर दौड़ गई। घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया और परिजनों व ग्रामीणों ने मिठाइयां बांटकर खुशी जाहिर की।
परिवार में इस सफलता को लेकर उत्सव जैसा माहौल है। परिजनों का कहना है कि आकांक्षा शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रही हैं और उनकी इस उपलब्धि के पीछे उनकी निरंतर मेहनत तथा शिक्षकों का मार्गदर्शन रहा है।

आकांक्षा सिंह की प्रारंभिक शिक्षा जामनगर (गुजरात) के एक हाई स्कूल से हुई, जबकि बारहवीं की पढ़ाई उन्होंने दिल्ली से पूरी की। इसके बाद उन्होंने मेडिकल क्षेत्र में कदम रखते हुए एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की और फिर सिविल सेवा की तैयारी शुरू की। कड़ी मेहनत के बाद उन्होंने यूपीएससी परीक्षा में 301वीं रैंक हासिल कर अपने सपनों को साकार किया।
आकांक्षा के भाई मनीष कुमार सिंह भी उनकी पढ़ाई और तैयारी में लगातार सहयोग करते रहे। आकांक्षा की इस सफलता से पूरे क्षेत्र में गर्व का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि बेटियों का इस तरह आगे बढ़ना समाज के लिए प्रेरणा और गौरव की बात है।
