वाराणसी
आईपीएल से पहले अध्यात्म में लीन दिखे उमेश यादव, पत्नी संग काशी में किए बाबा विश्वनाथ के दर्शन
वाराणसी। भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज उमेश यादव आईपीएल से पहले आध्यात्मिक रंग में रंगे नजर आए। अपनी तेज रफ्तार गेंदबाजी से दुनियाभर के बल्लेबाजों को परेशान करने वाले उमेश यादव अपनी पत्नी तान्या वाधवा के साथ काशी पहुंचे, जहां उन्होंने बाबा विश्वनाथ के दरबार में दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
काशी प्रवास के दौरान उमेश यादव ने अपनी इस आध्यात्मिक यात्रा की झलकियां सोशल मीडिया पर साझा कीं। मंदिर परिसर की तस्वीरें पोस्ट करते हुए उन्होंने कैप्शन में “ॐ नमः पार्वती पतये हर हर महादेव” लिखा, जिसे उनके प्रशंसकों ने काफी सराहा।
बाबा विश्वनाथ के दर्शन के बाद उमेश यादव और उनकी पत्नी वाराणसी के प्रसिद्ध नमो घाट भी पहुंचे। यहां दोनों ने गंगा किनारे समय बिताया और घाट की सुंदरता व शांत वातावरण का आनंद लिया। सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों में दंपति घाट पर सुकून के पल बिताते नजर आए, जिन्हें प्रशंसकों ने ‘परफेक्ट स्पिरिचुअल ब्रेक’ बताया।

उमेश यादव का क्रिकेट सफर भी प्रेरणादायक रहा है। महाराष्ट्र के नागपुर के एक छोटे से गांव से निकलकर उन्होंने भारतीय टीम में अपनी मजबूत पहचान बनाई। उन्होंने वर्ष 2011 में टेस्ट और वनडे क्रिकेट में पदार्पण किया और लगातार 140-145 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करने वाले चुनिंदा गेंदबाजों में शामिल रहे हैं।
भारतीय पिचों पर रिवर्स स्विंग और गति के दम पर उन्होंने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। टेस्ट क्रिकेट में उनके नाम 170 से अधिक विकेट दर्ज हैं। वर्ष 2015 के वनडे विश्व कप में वे भारत के सबसे सफल गेंदबाज रहे, जहां उन्होंने अपनी धारदार गेंदबाजी से विपक्षी टीमों को मुश्किल में डाला। आईपीएल में भी उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए कई मैच जिताऊ प्रदर्शन किए हैं।
