वाराणसी
आईएमएस बीएचयू : रेजिडेंट डॉक्टरों का तीसरे दिन भी हड़ताल जारी

वाराणसी। चिकित्सा विज्ञान संस्थान, बीएचयू के रेजिडेंट डॉक्टर कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में एक महिला डॉक्टर के साथ हुई घटना के विरोध में हड़ताल पर हैं। गुरुवार को तीसरे दिन भी यह हड़ताल जारी रही और डॉक्टर आईएमएस बिल्डिंग के सामने धरना दे रहे हैं। हड़ताल के कारण ओपीडी में रेजिडेंट डॉक्टरों की कुर्सी खाली रही और कंसल्टेंट डॉक्टर ही मरीजों को देख रहे हैं।
हड़ताल की वजह से इलाज के लिए आए मरीजों को असुविधा हो रही है। मरीजों का कहना है कि डॉक्टरों की मांगें जायज हैं, लेकिन हड़ताल के चलते लोगों की जान खतरे में डालना उचित नहीं है। मरीजों ने सुझाव दिया कि डॉक्टर विरोध प्रदर्शन के अन्य तरीकों का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।इलाज न मिल पाने के कारण मरीज प्राइवेट अस्पतालों की ओर या वापस घर लौटने को मजबूर हैं।
रेजिडेंट डॉक्टरों ने आरोप लगाया कि बीएचयू प्रशासन उनकी सुरक्षा की मांग और एफआईआर दर्ज करने के अनुरोध को अनदेखा कर रहा है। जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, हड़ताल जारी रहेगी। अस्पताल में उनके साथ आए दिन दुर्व्यवहार, मारपीट और गाली-गलौज जैसी घटनाएं होती रहती हैं लेकिन प्रशासन कभी कोई ठोस कदम नहीं उठाता।
कुछ दिनों पहले सर सुंदरलाल अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में एक महिला डॉक्टर के साथ दुर्व्यवहार का मामला सामने आया था, लेकिन उसकी एफआईआर तक दर्ज नहीं की गई। हड़ताली डॉक्टरों से लोगों ने अपील की है कि वे अधिकारियों से मिलकर समस्या का समाधान निकालें, ताकि मरीजों को सही उपचार मिल सके।