Connect with us

राज्य-राजधानी

आंधी-बारिश और आकाशीय बिजली ने ली 30 जानें, कई घायल

Published

on

Loading...
Loading...

मुख्यमंत्री ने दिए मुआवज़े के निर्देश

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बीते दो दिनों के दौरान आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली की चपेट में आकर 30 लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी है। इसके अलावा कई लोग घायल हुए हैं। सबसे अधिक जानलेवा घटनाएं प्रयागराज और जौनपुर जिलों में हुईं, जहां 5-5 लोगों की मौत दर्ज की गई। प्रयागराज में रामसेवक, उनकी पत्नी सुनीता देवी और दो बेटियां राधिका व काजल की कच्चे मकान में बिजली गिरने से आग लगने के कारण मौत हो गई। जौनपुर में दो सगे भाइयों समेत कुल पांच लोगों की जान गई। गोरखपुर में 13 वर्षीय बच्ची समेत दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।

अन्य प्रभावित जिलों में ललितपुर, गाजीपुर, बरेली, बिजनौर में 2-2 लोगों की मौत हुई, जबकि कानपुर देहात, कुशीनगर, शाहजहांपुर, लखनऊ, हरदोई, संभल, झांसी, जालौन, अमेठी और सोनभद्र में एक-एक व्यक्ति की जान गई।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों के समुचित इलाज के आदेश भी जारी किए गए हैं। प्रशासन की ओर से आम लोगों से अपील की गई है कि वे बारिश और आंधी के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों के नीचे या असुरक्षित स्थानों में न रहें।

Advertisement

मौसम विभाग ने 18 से 20 जून 2025 तक राज्य में भारी बारिश की चेतावनी दी है। इस दौरान तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। लोगों से सतर्क और सुरक्षित रहने की सलाह दी गई है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page