गाजीपुर
अमौरा पंप कैनाल की माइनर टूटी, दर्जनों किसानों की फसल बर्बाद
गाजीपुर (जयदेश)। सेवराई तहसील क्षेत्र के गोडसरा गांव में शुक्रवार को अमौरा पंप कैनाल की माइनर टूटने से दर्जनों किसानों की गेहूं की फसल जलमग्न हो गई। इस घटना से इबरार खान, भोलू खान और मोनू गुप्ता सहित कई किसान प्रभावित हुए हैं।
घंटों मेहनत कर किसानों ने खुद की मरम्मत
घटना के बाद किसानों ने मिलकर घंटों की कड़ी मेहनत से माइनर की मरम्मत कराई। किसानों का कहना है कि माइनर में समुचित साफ-सफाई न होने के कारण पानी का दबाव बढ़ा और यह हादसा हुआ। उनका आरोप है कि जिम्मेदार विभाग की लापरवाही के चलते उनकी मेहनत पूरी तरह बर्बाद हो गई।
प्रभावित किसानों ने संबंधित अधिकारियों से मुआवजे और लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
सेवराई के एसडीएम संजय यादव ने बताया कि हल्का लेखपाल से मौके का मुआयना कराया जाएगा। स्थिति का आकलन करने के बाद उचित कार्रवाई और मुआवजे का प्रबंध किया जाएगा।
