राष्ट्रीय
अमेरिका के साथ ‘वज्र प्रहार’ सैन्य अभ्यास शुरू, भारतीय सेना की टुकड़ी इडाहो रवाना
इंडोनेशिया के साथ ‘गरुड़ शक्ति’ अभ्यास के लिए भारतीय दल रवाना
नई दिल्ली। भारत-अमेरिका के संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘वज्र प्रहार’ के 15वें संस्करण के लिए भारतीय सेना की 45 सदस्यीय विशेष टुकड़ी आज इडाहो (अमेरिका) पहुंची। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, यह अभ्यास 2 से 22 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें रेगिस्तान और अर्ध-रेगिस्तानी इलाकों में संयुक्त सैन्य संचालन और विशेष बलों की क्षमताओं को विकसित करने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
इस अभ्यास में भारत और अमेरिका से कुल 90 कर्मी भाग ले रहे हैं, जिसमें 45-45 सदस्यीय टुकड़ियाँ शामिल हैं। इससे पहले इसी साल सितंबर में दोनों देशों ने राजस्थान में ‘युद्ध अभ्यास’ का आयोजन किया था। ‘वज्र प्रहार’ का पिछला संस्करण दिसंबर 2023 में मेघालय के उमरोई में हुआ था।
इंडोनेशिया के साथ ‘गरुड़ शक्ति’ अभ्यास के लिए भारतीय दल रवाना

भारत और इंडोनेशिया के बीच आपसी रक्षा सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से भारतीय सेना की 25 सदस्यीय विशेष बल टुकड़ी ‘गरुड़ शक्ति-24’ अभ्यास के लिए शुक्रवार को इंडोनेशिया पहुंची। यह अभ्यास 1 से 12 नवंबर तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें भारतीय दल का प्रतिनिधित्व पैराशूट रेजिमेंट (विशेष बल) द्वारा किया जा रहा है।
