Connect with us

मुम्बई

अभिनेता मुकुल देव ने दुनिया को कहा अलविदा

Published

on

मुंबई। बॉलीवुड से एक दुखद समाचार सामने आया है। मशहूर अभिनेता मुकुल देव का 23 मई की रात निधन हो गया। 54 वर्षीय अभिनेता पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे। उनके निधन की पुष्टि उनके करीबी मित्रों और सहयोगियों ने की है। मुकुल देव की अचानक हुई मौत ने फिल्म और टेलीविजन इंडस्ट्री को झकझोर कर रख दिया है।

सिने करियर की शुरुआत ‘दस्तक’ से
मुकुल देव ने 1996 में फिल्म दस्तक से अपने करियर की शुरुआत की थी, जिसमें उन्होंने एसीपी रोहित मल्होत्रा का किरदार निभाया था। इस फिल्म से सुष्मिता सेन ने भी बॉलीवुड में कदम रखा था। इसके बाद मुकुल देव ने सरफरोश, सन ऑफ सरदार, आर… राजकुमार, जय हो जैसी चर्चित फिल्मों में काम किया।

टेलीविजन में भी रहा अहम योगदान
टीवी जगत में भी मुकुल देव की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। उन्होंने फियर फैक्टर इंडिया के पहले सीज़न की मेजबानी की थी और गृहवाली ऊपरवाली, क. स्ट्रीट पाली हिल जैसे लोकप्रिय धारावाहिकों में अभिनय किया।

Advertisement

दिल्ली में जन्म, परिवार में अभिनय की परंपरा
मुकुल देव का जन्म 17 सितंबर 1970 को दिल्ली में हुआ था। उनके पिता हरि देव दिल्ली पुलिस में सहायक आयुक्त के पद पर कार्यरत थे और 2019 में 91 वर्ष की उम्र में उनका निधन हुआ। उनके बड़े भाई राहुल देव भी एक प्रसिद्ध अभिनेता हैं, जो मुख्यतः खलनायक की भूमिकाओं के लिए जाने जाते हैं।

पुरस्कारों से सम्मानित कलाकार
अपने अभिनय के लिए मुकुल देव को कई बार सम्मानित किया गया। यमला पगला दीवाना में भूमिका के लिए उन्हें 7वां अमरीश पुरी पुरस्कार मिला। इसके अलावा पंजाबी फिल्म शेयरिक में शानदार अभिनय के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ खलनायक का पुरस्कार भी प्राप्त हुआ।

मुकुल देव के निधन की खबर से उनके प्रशंसकों, सहकर्मियों और फिल्मी दुनिया में शोक की लहर दौड़ गई है। सोशल मीडिया पर लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं और उनके अभिनय को याद कर रहे हैं। उनकी बहुमुखी प्रतिभा, सरल व्यक्तित्व और सिनेमा के प्रति समर्पण को हमेशा याद किया जाएगा।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa