गोरखपुर
अपहरण प्रकरण में वांछित बाल अपचारी गिरफ्तार
गोरखपुर। जनपद गोरखपुर के खजनी थाना क्षेत्र में पंजीकृत अपहरण संबंधी मुकदमे में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक वांछित बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान के तहत की गई।
प्रेस नोट के अनुसार, थाना खजनी पर पंजीकृत मु0अ0सं0 53/26, धारा 137(2)/87 बीएनएस से संबंधित प्रकरण में आरोपी की तलाश की जा रही थी। आरोप है कि प्रार्थिनी की नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने की घटना को अंजाम दिया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही थी।
पुलिस अधीक्षक दक्षिणी एवं क्षेत्राधिकारी खजनी दीपांशी राठौर के कुशल पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक जयन्त कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने शनिवार को बरी बन्दुआरी गांव में कार्रवाई करते हुए 16 वर्षीय बाल अपचारी संदीप कुमार पुत्र लालजी निवासी बरी बन्दुआरी, थाना खजनी को सुबह 11:40 बजे अभिरक्षा में लिया।
गिरफ्तारी के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई पूर्ण करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। गिरफ्तारी टीम में प्रभारी निरीक्षक जयन्त कुमार सिंह के साथ उपनिरीक्षक राजेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक जितेन्द्र यादव, कांस्टेबल संदीप कुमार एवं कांस्टेबल विकास मौर्य शामिल रहे। मामले में किसी प्रकार की बरामदगी नहीं हुई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है और पुलिस द्वारा आवश्यक निगरानी रखी जा रही है।
