वाराणसी
अनियंत्रित कार की टक्कर से तीन वाहन क्षतिग्रस्त, चालक फरार
वाराणसी। जिले के आदमपुर थाना क्षेत्र के राजघाट स्थित अजगर शहीद मजार के पास देर रात तेज रफ्तार से जा रही एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर सामने से आ रही कार से टकरा गई। इस हादसे में सड़क किनारे खड़ी दो बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना रात लगभग साढ़े ग्यारह बजे की बताई जा रही है, जब भदऊचुंगी की ओर से पड़ाव जा रही कार अचानक संतुलन खो बैठी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मस्जिद में तरावीह की नमाज पढ़ने आए लोगों ने अपनी बाइक जीटी रोड के किनारे खड़ी की थी, जो टक्कर की चपेट में आ गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोग आवाज सुनकर मौके पर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि कार सवार युवक नशे की हालत में प्रतीत हो रहे थे। दुर्घटना के बाद कार का दरवाजा लॉक हो गया, जिसे स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद खोला। बाहर निकलते ही युवक भीड़ का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
हादसे के कारण लगभग 30 मिनट तक मार्ग पर यातायात बाधित रहा। सूचना मिलने पर पहुंची आदमपुर पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को थाने भिजवाया और यातायात व्यवस्था बहाल कराई। पुलिस के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त कार दिल्ली में पंजीकृत है, जिससे शराब की बोतलें बरामद हुई हैं। फरार युवकों की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
