Connect with us

वायरल

अधिवक्ताओं ने ‘प्रोटेक्शन बिल’ लागू करने को लेकर किया प्रदर्शन

Published

on

Loading...
Loading...

रुद्रपुर में मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

रुद्रपुर (देवरिया)। तहसील बार एसोसिएशन रुद्रपुर के बैनर तले अधिवक्ताओं ने ‘अधिवक्ता प्रोटेक्शन बिल’ लागू करने की मांग को लेकर गुरुवार को धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद अधिवक्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को सौंपा। अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्यों का बहिष्कार करते हुए सरकार से सुरक्षा संबंधी कानून को शीघ्र लागू करने की मांग की।

अध्यक्ष सत्यानंद पांडेय ने कहा कि प्रदेश सहित विभिन्न जिलों में अधिवक्ताओं के साथ हत्या और मारपीट की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे वकीलों में असुरक्षा का माहौल है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से लंबित ‘अधिवक्ता प्रोटेक्शन बिल’ को तत्काल पारित कर लागू किया जाना चाहिए, ताकि अधिवक्ताओं को पर्याप्त सुरक्षा मिल सके।

मीडिया प्रभारी सत्य प्रकाश गुप्ता ने कहा कि अधिवक्ता समाज ने आजादी की लड़ाई से लेकर आपातकाल और अन्य सामाजिक आंदोलनों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसके बावजूद आज अधिवक्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है, जो चिंता का विषय है। हाल ही में एक अधिवक्ता की हत्या की घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन में पूर्व अध्यक्ष राजेश त्रिपाठी, बृज बिहारी पांडेय, परशुराम मिश्र, फणींद्र नाथ पांडेय, विजय सिंह, नागेंद्र राव, विकास त्रिपाठी, सतप्रकाश सिंह, शशि भूषण, बलवंत, रामेश्वर मणि, पंकज शुक्ला, सतपाल यादव, निलेश श्रीवास्तव, शैलेन्द्र पांडेय, हिमांशु त्रिपाठी, सतीश गुप्ता, तारकेश्वर शर्मा और शशिकांत सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।

Advertisement

अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द ही प्रोटेक्शन बिल लागू नहीं करती है, तो वे आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page