वायरल
अतीक अहमद कनेक्शन को लेकर ‘Dhurandhar 2’ पर विवाद, पूर्व डीजीपी ने सीएम योगी को दिया श्रेय
प्रयागराज/लखनऊ। बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2’ इन दिनों सिनेमाघरों में दर्शकों की भीड़ खींच रही है। जहां एक ओर फिल्म को आम लोगों से अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है, वहीं इसके कुछ किरदारों को लेकर राजनीतिक हलकों में विवाद भी खड़ा हो गया है। फिल्म में माफिया-नेता अतीक अहमद (Atique Ahmed) से मिलते-जुलते चरित्र के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के पूर्व डीजीपी प्रशांत कुमार से प्रेरित एक पुलिस अधिकारी का किरदार भी दिखाया गया है।

फिल्म में अतीक अहमद के कथित पाकिस्तान कनेक्शन को भी दर्शाया गया है, जिससे विवाद और गहरा गया है। इस बीच, पूर्व डीजीपी प्रशांत कुमार ने इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में माफिया के खिलाफ हुई कार्रवाई मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दृढ़ संकल्प और जीरो टॉलरेंस नीति का परिणाम है। इस सफलता का वास्तविक श्रेय उन पुलिस अधिकारियों और जवानों को जाता है, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में जमीनी स्तर पर रहकर जोखिम उठाते हुए कार्य किया। उनके अनुसार, वही असली ‘धुरंधर’ हैं।

फिल्म की कहानी पाकिस्तान के ल्यारी अंडरवर्ल्ड से लेकर उत्तर प्रदेश के संगठित माफिया नेटवर्क तक फैली हुई है। इसमें एक ऐसे पुलिस अधिकारी का किरदार दिखाया गया है, जिसे प्रशांत कुमार से प्रेरित बताया गया है।

अतीक अहमद के उदय और पतन के जरिए प्रदेश में अपराध और राजनीति के गठजोड़ को भी फिल्म में प्रमुखता से दिखाया गया है। साथ ही योगी सरकार के दौरान चलाए गए अभियानों को इस गठजोड़ को तोड़ने में अहम बताया गया है। फिल्म में अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की हत्या की घटना को भी शामिल किया गया है।
प्रशांत कुमार के कार्यकाल को प्रदेश में अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई के दौर के रूप में देखा जाता है। उनके कार्यकाल में माफियाओं के खिलाफ व्यापक स्तर पर अभियान चलाए गए, अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर कार्रवाई की गई और गैंगस्टर एक्ट के तहत अनेक अपराधियों पर कार्रवाई हुई। पुलिस मुठभेड़ों, गिरफ्तारियों और आर्थिक नेटवर्क पर प्रहार की रणनीति के चलते संगठित अपराध को कमजोर करने में सफलता मिली।
